प्रवीण खंडेलवाल ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत दो दिवसीय जन-जागरूकता शिविर का किया उद्घाटन
नई दिल्ली, 26 सितंबर । दिल्ली सरकार के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत शनिवार को शास्त्री नगर में दो दिवसीय जन-जागरूकता और जनसेवा शिविर का शुभारंभ किया गया। इसका उद्घाटन चांदनी चौक के सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने किया।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को दिल्ली सरकार तथा विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं, वित्तीय सहायता, पेंशन, ऋण, सहायता एवं अन्य सरकारी सेवाओं के बारे में बताना है। इस शिविर में दिल्ली सरकार के कला, संस्कृति एवं भाषा विभाग ने साहित्य और भाषाओं के संरक्षण एवं विकास से संबंधित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। इसके साथ ही उर्दू, हिंदी अकादमी, पंजाबी अकादमी, सिंधी अकादमी, मैथिली-भोजपुरी अकादमी तथा साहित्य कला परिषद आदि की गतिविधियों और योजनाओं से भी लोगों को परिचित कराया गया। शिविर में इस विभाग की वित्तीय सहायता योजना, दिल्ली अभिलेखागार-पुरालेख की छात्रवृत्ति और युवाओं को ‘दिल्ली टैलेंट हंट– हौसलों की उड़ान’ के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। इसमें गायन, नृत्य, डिजिटल आर्ट एवं विजुअल डिजाइन, मूर्तिकला, संगीत रचना, वाद्य संगीत और थिएटर जैसी विभिन्न प्रतिभाओं के लिए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
इसके अलावा, ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत दिल्ली में विभिन्न स्तरों पर जनसेवा और जन-जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस मौके पर एसडीएम सदर बाजार माला सूद, तहसीलदार सदर बाजार हर्षीन कौर, दिल्ली आपदा प्रबंधन विभाग के हरीश माथुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं क्षेत्र की अन्य गणमान्य हस्तियां उपस्थित रहीं।

