UP

हमीरपुर में लगातार बारिश बनी आफत, मकान की छत गिरने से महिला की मौत

हमीरपुर, 26 सितंबर । उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के सरीला तहसील के जलालपुर थाना क्षेत्र के भेड़ी डांडा गांव में शनिवार को एक पुराने मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई। इस हादसे में दबकर करीब 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।

एसडीएम विकास यादव ने शनिवार शाम बताया कि भेड़ी डांडा निवासी कंचन पुत्र कमल सिंह ने थाना जलालपुर में सूचना दी कि लगातार बारिश के कारण उनके पुराने मकान की छत गिर गई। छत के मलबे में उनकी मां संध्या पत्नी कमल सिंह (60) दब गईं। सूचना मिलते ही जलालपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिसकर्मियों ने मलबा हटाकर संध्या को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

हादसे की जानकारी मिलने पर एसडीएम सहित संबंधित अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य के साथ पीड़ित परिवार को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई प्रचलित है।