हमीरपुर : विरमा नदी का जलस्तर बढ़ने से डेरा जलमग्न,पीएसी ने नाव से रेस्क्यू कर 90 लोगों को बाहर निकाला
हमीरपुर, 27 सितम्बर । उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में विरमा नदी का जलस्तर बढ़ने से रविवार को एक डेरा चारों ओर से पानी में घिर गया। सूचना पर मौके पर पीएसी, उपजिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी ने पहुंचकर नाव से लोगों को रेस्क्यू कर बाहर निकाला।
विकास खंड मुस्करा के शिवनी गांव में बगिया का डेरा स्थित है, जिसमें करीब 90 लोग निवास करते हैं। दो दिन पहले मौदहा बांध से करीब 80 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने से विरमा नदी का जलस्तर बढ़ गया, जिससे बगिया का डेरा चारों ओर से पानी से जलमग्न हो गया और टापू बन गया। टापू बने डेरा में लोगों के फंसने की सूचना पर मौदहा उपजिलाधिकारी करनवीर सिंह, राठ सीओ राजीव प्रताप सिंह, सीएफओ रेहान अली और पीएसी की 12 प्लाटून स्टीमर लेकर मौके पर पहुंचे। पीएसी ने अपने स्टीमर से डेरा में फंसे लोगों को रेस्क्यू कर बाहर निकाला। कुछ लोगों ने डेरा में ही रहना उचित समझा।
डेरा के रामू, फूलसिंह, रामसिंह, जागे, गंगादीन ने बताया कि वे कई वर्षों से डेरा में निवास कर रहे हैं। वहीं ग्राम प्रधान देववचन ने बताया कि लोगों को पहले ही चेतावनी दी गई थी, परंतु लोग माने नहीं।
एसडीएम करनवीर सिंह ने बताया कि सूचना पर तत्काल पीएसी के स्टीमर को डेरा में भेजकर लोगों को बाहर निकाला गया है। पीएसी की कंपनी को वहीं रोका गया है, जब तक सभी लोग बाहर नहीं आ जाते, कंपनी वहीं रहेगी। कोई हताहत नहीं हुआ है।

