जेडीए की बेतवा बिहार कॉलोनी में न पानी, न सफाई, न सुरक्षा
झांसी, 23 सितंबर । सर्वसुविधायुक्त आवास उपलब्ध कराने का दावा कर जेडीए द्वारा बसाई गई बेतवा बिहार कॉलोनी में रहने वाले लोग वर्षों से मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान हैं। कॉलोनी में न पर्याप्त पानी मिल रहा है, न साफ-सफाई की व्यवस्था है और न ही सुरक्षा के इंतजाम। समस्याओं को लेकर कई बार अधिकारियों के चक्कर लगाने के बावजूद समाधान नहीं होने पर बुधवार को दर्जनों कॉलोनीवासी मंडलायुक्त कार्यालय पहुंचे। उन्होंने शिकायती पत्र सौंपकर समस्याओं के निस्तारण और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मंडलायुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए 28 सितंबर को कॉलोनी का निरीक्षण करने का आश्वासन दिया।
कॉलोनीवासियों ने बताया कि उन्नाव बालाजी रोड स्थित बेतवा बिहार कॉलोनी को जेडीए ने वर्ष 2008 में बसाया था। उस समय लोगों को पानी, बिजली, सड़क, सुरक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिया गया था। लेकिन वर्षों बाद भी कॉलोनीवासी इन सुविधाओं के लिए परेशान हैं। सबसे बड़ी समस्या पानी की है। लोगों का कहना है कि कई बार जल संस्थान में शिकायत की गई, लेकिन वहां से बताया गया कि जेडीए ने अभी तक पानी की टंकी हैंडओवर नहीं की है।
सुरक्षा व्यवस्था भी बदहाल होने का आरोप है। कॉलोनी की बाउंड्रीवाल कई स्थानों पर टूटी हुई है। वहीं प्रकाश व्यवस्था के लिए पर्याप्त बिजली के खंभे तक नहीं हैं। इससे रात के समय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। साफ-सफाई की व्यवस्था को लेकर भी कॉलोनीवासियों में नाराजगी है।
लोगों ने बताया कि पास में स्थित स्वास्तिक सिटी की ओर से कथित तौर पर दूषित पानी की निकासी के लिए पाइप बेतवा बिहार कॉलोनी में अवैध तरीके से डाल दिए गए हैं। इससे कॉलोनीवासियों की परेशानी और बढ़ गई है। आरोप है कि शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं की जा रही और शिकायती पत्रों पर फर्जी रिपोर्ट लगा दी जाती है।
मंडलायुक्त ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया। उन्होंने 28 सितंबर को बेतवा बिहार कॉलोनी पहुंचकर मौके का निरीक्षण करने की बात कही है।

