Rajasthan

चेकिंग देखकर स्कॉर्पियो भगाई, पुलिस वाहन को टक्कर मारकर भागे तस्कर : 373.91 किलो डोडा पोस्त जब्त

जोधपुर, 24 सितम्बर । डांगियावास थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 373.91 किलो अवैध डोडा पोस्त जब्त किया है। पुलिस ने डोडा पोस्त से भरी स्कॉर्पियो भी जब्त की है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

डांगियावास थानाधिकारी राजूराम काला ने बताया कि 23 सितंबर को गश्त के दौरान स्कॉर्पियो संदिग्ध नजर आई। पुलिस टीम ने वाहन को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने गति बढ़ाकर वाहन भगा लिया। इसके बाद बाइपास टोल पर नाकाबंदी कर स्कॉर्पियो का पीछा किया गया। नाकाबंदी देखकर चालक ने वाहन को करीब 500 मीटर पहले सरहद डोलिया की तरफ मोड़ दिया। पीछा करते हुए पुलिस टीम वाहन के सामने पहुंची तो चालक ने पुलिस वाहन को जोरदार टक्कर मार दी।

थानाधिकारी काला ने बताया कि टक्कर से पुलिस वाहन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और एयरबैग खुलने से पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। इसी दौरान स्कॉर्पियो चालक और उसके पास बैठा व्यक्ति वाहन छोडक़र मौके से फरार हो गए। पुलिस ने स्कॉर्पियो की तलाशी ली तो 19 प्लास्टिक के कट्टों में कुल 373.91 किलो डोडा पोस्त मिला।

जांच में सामने आया कि जब्त स्कॉर्पियो पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी। पुलिस के अनुसार वाहन 21 जुलाई 2026 को दिल्ली के केशवपुरम इलाके से चोरी हुआ था। पुलिस ने वाहन और डोडा पोस्त जब्त कर मामला दर्ज किया है। फरार आरोपिताें की तलाश और मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जांच जारी है।