Himachal Pradesh

खेलों से बच्चों में बढ़ती है टीम भावना और भाईचारा : केवल सिंह पठानिया

धर्मशाला, 12 सितंबर । शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने शनिवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दुर्गेला में शाहपुर जोन की तीन दिवसीय अंडर-19 खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में शाहपुर जोन के 22 स्कूलों के 357 छात्र भाग ले रहे हैं। इस दौरान खिलाड़ी वॉलीबॉल, खो-खो, बैडमिंटन, कुश्ती, कबड्डी और शतरंज में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

इस अवसर पर बतौर मुख्यातिथि केवल सिंह पठानिया ने कहा कि विद्यार्थी जीवन में खेलों का विशेष महत्व है। खेल बच्चों में अनुशासन, टीम भावना और आपसी भाईचारे की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि में ऐतिहासिक वृद्धि कर खिलाड़ियों का सम्मान बढ़ाया है। उन्होंने बताया कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए चंबी खेल मैदान को विकसित किया जा रहा है, जिस पर करीब 4 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

पठानिया ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दुर्गेला में दो शौचालयों के निर्माण तथा प्राथमिक विद्यालय के लिए 3 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।

विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेंद्र शर्मा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और प्रतियोगिता के आयोजन संबंधी जानकारी दी। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।