मध्य प्रदेश में सेवा संकल्प अभियान के प्रथम दिन 388 रक्तदान शिविर
भोपाल, 17 सितम्बर । मध्य प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित “सेवा संकल्प अभियान” के प्रथम दिवस गुरुवार को विभिन्न जिलों में व्यापक रक्तदान गतिविधियां आयोजित की गईं। प्रदेश में कुल 388 रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया, जिनमें 8684 रक्तदाताओं ने स्वैच्छिक रक्तदान किया।
शिविरों के साथ रक्तदान के प्रति जनजागरूकता, शपथ एवं अन्य जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की गईं। रक्तदाताओं का पंजीयन एवं रक्तदान संबंधी विवरण e-RaktKosh Portal पर दर्ज किया जा रहा है।
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने स्वैच्छिक रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्तदान के लिए आगे आकर नागरिकों ने मानव सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अभियान से जुड़कर स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान किया।
अभियान के दौरान प्रदेश में विभिन्न चरणों में रक्तदान शिविर एवं जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वैच्छिक रक्तदान के इस अभियान से जुड़कर जरूरतमंद मरीजों के लिए सुरक्षित एवं पर्याप्त रक्त की उपलब्धता में योगदान दें।
प्रदेश के नगरीय निकायों में रक्तदान महायज्ञ में 5,591 नागरिकों की सहभागिता, 4,493.50 यूनिट रक्त संग्रहित
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में प्रदेश में आरम्भ हुए ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत नगरीय विकास एवं आवास विभाग द्वारा प्रदेश के समस्त नगरीय निकायों में व्यापक स्तर पर रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया। 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित इस अभियान का मुख्य ध्येय जन-जन में नि:स्वार्थ सेवा भाव को प्रोत्साहित करना एवं असहाय व जरूरतमंद रोगियों के लिए जीवनदायिनी रक्त की सतत उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
अभूतपूर्व जनभागीदारी एवं उत्साह
प्रदेश के विभिन्न नगरीय निकायों में आयोजित इन शिविरों में युवाओं, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य प्रबुद्धजनों तथा समाज के सभी वर्गों ने उत्साहपूर्वक अपनी सहभागिता दर्ज कराई। स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से संचालित इन शिविरों में कुल 5,591 नागरिकों द्वारा स्वेच्छापूर्वक 4,493.50 यूनिट रक्तदान किया गया। सेवा के इस महायज्ञ में अपना अमूल्य योगदान देने वाले दानदाताओं को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर उनके उत्कृष्ट मानवीय सेवाभाव का सम्मान किया गया।
‘सेवा ही संकल्प’ की भावना साकार
इन रक्तदान शिविरों के माध्यम से नागरिकों को रक्तदान के पावन महत्त्व के प्रति जागरूक करने के साथ समाज में पारस्परिक सहयोग, बंधुत्व तथा मानवीय संवेदनाओं की जड़ों को और अधिक सुदृढ़ बनाने का संदेश दिया गया। अभियान के तहत आयोजित गतिविधियों में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के जन्मदिवस पर संचालित यह अभिनव पहल ‘सेवा ही संकल्प’ की भावना को जन-जन के सहयोग से धरातल पर साकार करने की दिशा में एक दूरगामी प्रयास सिद्ध हो रही है।

