MP

इंदौर जू में बढ़ा शेरों का कुनबा, शेरनी सुंदरी ने दो शावकों को दिया जन्म, संख्या बढ़कर 14 हुई

इंदौर, 01 सितम्बर । सफेद शेर के लिए देशभर में पहचान रखने वाले मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय (जू) में अब शेरों का कुनबा भी लगातार बढ़ रहा है। जू की शेरनी सुंदरी ने दो शावकों को जन्म दिया है। दोनों शावक स्वस्थ हैं और फिलहाल अपनी मां के साथ ही हैं। इनके जन्म के बाद चिड़ियाघर में शेरों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है।

जू प्रबंधन ने मंगलवार को जानकारी दी कि शेरनी सुंदरी पिछले करीब एक सप्ताह से नजर नहीं आ रही थी। उसका जेस्टेशन पीरियड चल रहा था, इसलिए पहले से ही अंदाजा था कि वह जल्द शावकों को जन्म दे सकती है। पिछले तीन-चार दिनों से उसके लगातार गायब रहने पर कर्मचारियों ने माना कि वह गुफा के अंदर प्रसव की तैयारी कर रही है। अब सामने आया है कि सुंदरी ने करीब तीन दिन पहले दो शावकों को जन्म दिया है।

जू प्रभारी उत्तम यादव ने बताया कि सुंदरी और दोनों शावक पूरी तरह स्वस्थ हैं। फिलहाल दोनों बच्चे सुंदरी के साथ ही हैं, इसलिए उनका जेंडर आइडेंटिफिकेशन नहीं किया गया है। जू प्रबंधन लगातार सुंदरी के व्यवहार और शावकों की गतिविधियों पर नजर रख रहा है। शावकों के जन्म के बाद सुंदरी अपने बच्चों की अच्छी तरह देखभाल कर रही है। उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर कर्मचारियों को विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

उत्तम यादव ने बताया कि इंदौर जू में शेरों का कुनबा पिछले कुछ समय से लगातार बढ़ रहा है। करीब आठ महीने पहले शेरनी मेघा ने तीन शावकों को जन्म दिया था। अब सुंदरी के दो शावकों के जन्म के बाद यहां शेरों की संख्या 14 हो गई है। शेरों के कुनबे में लगातार हो रही बढ़ोतरी से जू स्टाफ में भी उत्साह है।

सफेद हिरण के बाद अब शेरों के शावक बने आकर्षण

इंदौर जू में लगातार नए आकर्षण जोड़कर दर्शकों को लुभाने की कवायद की जा रही है। कुछ दिन पहले यहां दुर्लभ सफेद हिरण ने भी जन्म लिया था, जिसे देखने के लिए दर्शकों में खासा उत्साह रहा। अब शेरनी सुंदरी के दो शावकों के जन्म से जू में आने वाले लोगों के लिए एक और आकर्षण बढ़ गया है।

प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि आने वाले समय में दोनों नन्हे मेहमानों का नियमित रूप से स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। डॉक्टरों और विशेषज्ञों की देखरेख में उनके पूरी तरह स्वस्थ होने और समुचित विकास की पुष्टि होने के बाद ही उन्हें आम पर्यटकों के सामने लाने का फैसला लिया जाएगा।