नेपाल के बागलुंग जिले में बारिश के बाद भूस्खलन, 10 की मौत और एक लापता
काठमांडू, 28 सितंबर । नेपाल के बागलुंग जिले में लगातार हो रही बारिश के बाद आए भूस्खलन में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति लापता है। बारिश के कारण पिछले दो दिनों में जिले में बड़े पैमाने पर जान-माल का नुकसान हुआ है। रविवार को ही नौ लोगों की मौत हुई, जबकि एक व्यक्ति लापता है। शनिवार को एक व्यक्ति की मौत हुई थी।
जिला पुलिस कार्यालय बागलुंग के प्रमुख फणिन्द्र प्रसाईँ के अनुसार, रविवार को तमानखोला गांव में चार लोगों की मौत और एक व्यक्ति लापता है। वहीं, निसीखोला गांव में पांच लोगों की मौत हुई है।
तमानखोला में एक घर भूस्खलन की चपेट में आने से बुद्धिराज घर्ती (80) और भीमदेवी घर्ती (66) की मौत हो गई। इसी इलाके में भूस्खलन से आठ घर बह गए। इसके अलावा भूस्खलन से घर दबने के कारण हस्तवीर श्रीपाली (50) और उडिसरा श्रीपाली (65) की मौत हो गई। हस्तवीर की पत्नी भूस्खलन के बाद से लापता हैं।
इसी तरह, निसीखोला के हदधारा में भूस्खलन से घर दबने के कारण एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान श्याम कुमारी विक (36) और उनके बेटे मनोज (13) , मुकेश (8) और निशान विक (3) के रूप में हुई है।
वहीं, निसीखोला के रंगिल में भूस्खलन से गोठ (पशुशाला) में दबने के कारण सूर्यबहादुर घर्ती (50) की मौत हुई। इससे एक दिन पहले शनिवार को ताराखोला धस्मर में भूस्खलन से घर दबने के कारण 59 वर्षीय मनबहादुर रोका की मौत हुई थी।
बागलुंग के प्रमुख जिला अधिकारी कृष्णप्रसाद आचार्य के अनुसार, पूर्व सूचना मिलने के कारण इससे होने वाली अतिरिक्त मानवीय क्षति को रोका जा सका। भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य के लिए नेपाली सेना के हेलीकॉप्टर सहित सुरक्षा अधिकारियों की टीम पहुंची है।

