World

नेपाल के पर्यटन क्षेत्र को बाढ़ से 5,267 करोड़ रुपये का शुरुआती नुकसान का आकलन

काठमांडू, 22 सितंबर । नेपाल में बाढ़ और उसके बाद हुए भूस्खलन से देश के पर्यटन क्षेत्र को 52 अरब 67 करोड़ 45 लाख 76 हजार 500 नेपाली रुपये के बराबर का प्रारंभिक आर्थिक नुकसान होने का आकलन किया गया है।

प्रभावित पर्यटन क्षेत्र के पुनरुद्धार और भविष्य में होने वाली आपदाओं से निपटने के लिए पूर्व तैयारी को व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से संबंधित समिति को पुनरुत्थान योजना का मसौदा तैयार करने की जिम्मेदारी भी दी गई है।

संस्कृति, पर्यटन तथा नागरिक उड्डयन मंत्रालय में मंगलवार को आयोजित पर्यटन क्षेत्र पर बाढ़-भूस्खलन के प्रभाव और पुनरुद्धार संबंधी रिपोर्ट की प्रस्तुति एवं चर्चा के दौरान नेपाल पर्यटन बोर्ड की त्वरित प्रतिक्रिया टीम (क्यूआरटी) के संयोजक एवं बोर्ड के कार्यकारी सदस्य सहदेव धमला ने प्रारंभिक रिपोर्ट पेश की।

कार्यक्रम संस्कृति, पर्यटन तथा नागरिक उड्डयन मंत्री खड्गराज पौडेल की मौजूदगी में हुआ। इसमें मंत्रालय के सचिव मुकुंद निरौला, सहसचिव एवं शाखा प्रमुख, नेपाल पर्यटन बोर्ड के प्रतिनिधि तथा निजी क्षेत्र के प्रतिनिधि शामिल हुए।

रिपोर्ट के अनुसार बाढ़ और भूस्खलन से विशेष रूप से रसुवा, नुवाकोट, धादिंग और गोरखा सहित विभिन्न क्षेत्रों में पर्यटन बुनियादी ढांचे, होटल एवं पर्यटन व्यवसाय, परिवहन संपर्क, ट्रेकिंग मार्ग और पर्यटक प्रबंधन को भारी नुकसान पहुंचा है।

क्षेत्रवार शुरुआती आकलन के अनुसार सबसे ज्यादा नुकसान होटल व्यवसाय को हुआ है। रिपोर्ट में होटल क्षेत्र को 19 अरब 56 करोड़ 4 लाख 48 हजार रुपये, विदेशी पर्यटकों से होने वाली पर्यटन आय को 14 अरब 60 करोड़ 24 लाख 64 हजार रुपये और मानव संसाधन एवं पर्यटक प्रबंधन को 12 अरब 26 करोड़ 84 लाख 24 हजार 500 रुपये का नुकसान होने का अनुमान लगाया गया है।

इसी तरह विरासत एवं पर्यटन बुनियादी ढांचे को 1 अरब 66 करोड़ 40 लाख रुपये, वाहनों को 1 अरब 51 करोड़ 40 लाख 80 हजार रुपये, रेस्तरां क्षेत्र को 1 अरब 38 करोड़ 50 लाख 20 हजार रुपये और लांगटांग क्षेत्र में व्यावसायिक कारोबार को 1 अरब 27 करोड़ 64 लाख 40 हजार रुपये का नुकसान होने का आकलन है।

रिपोर्ट के मुताबिक घरेलू पर्यटन राजस्व में 19 करोड़ 87 लाख रुपये, राफ्टिंग एवं कैंपिंग साइट में 15 करोड़ 50 लाख रुपये और ट्रेकिंग ट्रेल में 5 करोड़ रुपये का प्रारंभिक नुकसान हुआ है।

रिपोर्ट में बताया गया है कि बाढ़ और भूस्खलन से 1,117 नेपाली और विदेशी पर्यटक संपर्कविहीन हुए हैं। इसी तरह 310 पर्यटकों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि 13 लोग बाद में संपर्क में आए। बचाए गए लोगों में 258 पुरुष और 52 महिलाएं हैं।