World

त्रिशूली-3A जलविद्युत परियोजना की सुरंग का मुहाना खोलने को 93 सदस्यीय टीम जुटी

काठमांडू, 03 सितंबर । रसुवा की भोटेकोशी नदी में आई बाढ़ से प्रभावित नुवाकोट स्थित त्रिशूली-3A जलविद्युत परियोजना की सुरंग (केबल डक्ट टनल) का मुहाना खोलने का काम जारी है। बाढ़ के कारण परियोजना की सुरंग और मुख्य संरचनाएं मलबे में दब गई हैं। वहां लोगों के फंसे होने की आशंका के चलते नेपाली सेना के नेतृत्व में चीनी दल और अन्य तकनीकी विशेषज्ञों समेत 93 लोगों की टीम पांच एक्स्काभेटर, कंप्रेसर और ब्रेकर मशीनों के साथ खोज एवं बचाव अभियान में जुटी है।

सुरंग के मुहाने पर करीब 40 मीटर लंबा और 20 मीटर ऊंचा क्षतिग्रस्त लोहे का ढांचा और बड़े-बड़े पत्थरों समेत भारी मलबा जमा है। दिन-रात लगातार प्रयास के बाद मलबा हटाकर ऊपर की ओर से सुरंग का करीब 3 फीट हिस्सा खोल लिया गया है। इसके साथ ही बचाव दल सुरंग के अंदर करीब 15-20 मीटर तक पहुंच चुका है। हालांकि, एक्स्काभेटर और अन्य मशीनों को अंदर ले जाने के लिए सुरंग का पूरा मुहाना खोलना जरूरी है। इसलिए बाकी मलबा हटाने का काम जारी है। इसके अलावा सात बड़े पत्थरों (बोल्डर) को ब्लास्टिंग के लिए तैयार किया गया है।

यह सुरंग करीब 170 मीटर लंबी है। मिट्टी और कीचड़ से भरी इस सुरंग को पूरी तरह पार करने के बाद ही अंदर स्थित पावरहाउस समेत अन्य संरचनाओं तक पहुंचा जा सकेगा।