MP

राजगढ़ः सीसीटीवी कैमरों की जांच से पकड़ाया चोर गिरोह, 11 वारदातों का खुलासा

राजगढ़, 14 सितम्बर । मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर थाना पुलिस टीम ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से सूने मकानों और दुकानों में चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से करीब 4 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। आरोपितों ने पूछताछ में 11 चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है।

थाना प्रभारी राहुल रघुवंषी ने सोमवार को बताया कि एक जुलाई को बाबड़ल्या निवासी पवित्राबाई पत्नी रामसिंह माली के सूने कच्चे मकान का ताला तोड़कर जेवर चोरी किए गए थे। इसके बाद 9 अगस्त की रात सारंगपुर में तीन अलग-अलग स्थानों पर दुकानों के ताले तोड़कर चोरी और एक सूने मकान से मोटरसाइकिल चोरी की घटना हुई थी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरु की। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थलों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। पुलिस टीम ने चोरों के आने-जाने के रास्तों को चिन्हित कर करीब 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साइबर सेल से मिली तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस ने कपिल उर्फ गोलू (27) पुत्र भगवानसिंह कंजर, टोनू (21) पुत्र हुकुमसिंह कंजर और घनश्याम (28) पुत्र बाबूलाल कंजर निवासी देवड़ा थाना सुंदरसी जिला शाजापुर को पकड़ा। पूछताछ में आरोपितों ने चोरी करना कबूल किया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चार मोटरसाइकिल सहित सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद की है।