जिला क्रिकेट संघ की याचिकाओं पर सुनवाई से इनकार
जयपुर, 28 सितंबर । राजस्थान हाईकोर्ट ने आरसीए चुनाव में तीन जिलों को मताधिकार दिए जाने सहित दो मुद्दों पर दायर याचिकाओं पर सुनवाई से इनकार कर दिया है। इन याचिकाओं की सुनवाई अब दूसरी एकलपीठ करेगी। जस्टिस आनंद शर्मा की एकलपीठ ने यह आदेश सवाई माधोपुर जिला क्रिकेट संघ के डीडी कुमावत व दौसा जिला क्रिकेट संघ की याचिकाओं पर दिए।
डीडी कुमावत की ओर से अधिवक्ता सुनील समदडिया ने अदालत को बताया कि आरसीए की एजीएम की बैठक में खैरथल-तिजारा, डीडवाना-कुचामन और बालोतरा जिलों की कार्यकारिणी को सस्पेंड कर दिया था। इसके बावजूद इन्हें आरसीए चुनाव में मताधिकार दिया गया है। इसलिए इनके मताधिकार पर रोक लगाई जाए। वहीं दौसा जिला क्रिकेट संघ की ओर से अधिवक्ता पुनीत सिंघवी ने कहा कि संघ के सचिव प्रदीप नागर को वोट डालने का अधिकार दिया जाए। दोनों याचिकाओं पर सुनवाई से इनकार करते हुए अदालत ने इनकी सुनवाई के लिए दूसरी एकलपीठ गठित करने को कहा है। गौरतलब है कि हाईकोर्ट की दखल के बाद अब राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के चुनाव मंगलवार को होने जा रहे हैं।

