MP

मंदसौरः रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को हो रही असुविधा का ब्लॉक कांग्रेस ने किया विरोध, सौंपा ज्ञापन

मंदसौर, 04 सितंबर । मध्य प्रदेश के मंदसौर में रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को हो रही असुविधाओं के विरोध में शुक्रवार को ब्लॉक कांग्रेस कार्यकतार्ओं ने ज्ञापन सौंपा इसमें उन्होंने समस्याओं का जल्द से जल्द निराकरण करने की मांग की।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मीडिया प्रभारी सप्रिय गौतम ने बताया कि ज्ञापन मंडलम रेल प्रबंधक के नाम स्टेशन अधीक्षक को सौंपा गया। ज्ञापन का वाचन इष्टा भाचावत ने किया। इसमें बताया कि नीमच रतलाम दोहरीकरण के बाद प्लेटफार्म क्रमांक 2 से अनेक ट्रेनों का संचालन हो रहा है। लेकिन प्लेट फार्म पर जाने के लिए यहां रैंप व लिफ्ट का निर्माण अब तक नहीं हुआ है। ऐसे में पैदल पुल होने के बाद भी यहां यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यहां वरिष्ठ नागरिक, बीमार, दिव्यांग व व्हीलचेयर पर निर्भर यात्रियों को प्लेट फार्म 1 से 2 पर जाने में परेशान हो रहे हैं। इसके अलावा प्लेट फार्म 2 पर उपलब्ध अस्थाई गेट बंद कर दिया गया, प्लेट फार्म में कुलियों की व्यवस्था ना होना तथा एक ही मुख्य द्वार होने से जाम लगने जैसी समस्याएं यात्रियों की पीढ़ा को और बढ़ा रही है।

ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेसजनों ने रैंप व लिफ्ट निर्माण होने तक प्लेट फार्म 2 का अस्थाई गेट खोला या बनाए जाने, रेलवे स्टेशन पर कुलियों की स्थाई व पर्याप्त व्यवस्था करने व रेलवे स्टेशन के बाहर वाहनों के सुगम आवागमन के लिए एंट्री व एक्जीट गेट पुन: प्रारंभ करने की मांग की।