हमीरपुर में 500 बीघा कृषि भूमि में जलभराव, किसानों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
हमीरपुर, 29 सितम्बर । उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले मे विकासखंड मौदहा के ग्राम चांदी कला में अर्जुन सहायक नहर परियोजना के चलते करीब 500 बीघा कृषि भूमि में जलभराव की समस्या से किसान परेशान हैं। मंगलवार को ग्रामीणों ने जिलाधिकारी व उपजिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर जलनिकासी की व्यवस्था कराए जाने की मांग की है।
किसान ललित नारायण सिंह के अनुसार अत्यधिक बारिश के कारण खेतों में पानी भर गया है। जलभराव के चलते आगामी फसल की बुवाई समय से नहीं हो पाने की आशंका है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। ग्रामीणों का कहना है कि खेतों से पानी की निकासी के लिए नाला व जलनिकासी मार्ग की समुचित व्यवस्था जरूरी है। प्रार्थना पत्र में बताया गया कि समस्या के संबंध में पूर्व में मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कराकर तत्काल जलनिकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि समस्या का समाधान नहीं होने पर एक सप्ताह बाद ग्रामीण क्रमिक अनशन के लिए बाध्य होंगे। इस दौरान ललित नारायण सिंह, तेज प्रताप सिंह, सुभाष सिंह, मोनू सिंह, मोहित सिंह समेत दर्जनों लोग उपस्थित रहे।

