UP

अयोध्या : महंत रामकमल दास की 37वीं पुण्यतिथि पर संतों ने अर्पित की श्रद्धांजलि , उनके सेवा कार्यों को किया याद

अयोध्या, 06 अक्टूबर । रामनगरी के रायगंज जयसिंहपुर मोहल्ले में स्थित तिकोनिया मंदिर में मंगलवार काे महंत रामकमल दास महाराज की 37वीं पुण्यतिथि श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई गई। मंदिर के पीठाधीश्वर एवं महाराज जी के शिष्य महंत हरेराम दास महाराज के संयोजन में श्रद्धांजलि सभा आयोजित हुई। इसमें अयोध्या के संत-महंतों ने महंत रामकमल दास के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को स्मरण करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इस अवसर पर संतों ने कहा कि महंत रामकमल दास महाराज सेवा भाव को सर्वोपरि मानते थे। उनके बताए मार्ग पर चलते हुए महंत हरेराम दास संत सेवा, गौ सेवा और श्रद्धालुओं की सेवा के कार्य को निरंतर आगे बढ़ा रहे हैं। अयोध्या के साथ देश के विभिन्न क्षेत्रों में सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार के लिए भी उनके स्तर से कार्य किए जा रहे हैं।

महंत हरेराम दास महाराज ने कहा कि गुरु की सेवा और उनके आशीर्वाद से सेवा का यह क्रम निरंतर आगे बढ़ रहा है। उनकी कामना है कि यह परंपरा आगे भी इसी तरह चलती रहे। उन्होंने कहा कि श्राद्ध पक्ष में पितरों की उपस्थिति मानी जाती है। इसी भाव से संतों को भोजन-प्रसाद अर्पित किया गया और गुरुदेव को विविध व्यंजनों का भोग लगाया गया। एकादशी होने के कारण संतों के लिए फलाहार की व्यवस्था की गई।कार्यक्रम में महंत रामकुमार दास, राजू दास, महंत राजेश पहलवान समेत अयोध्या के बड़ी संख्या में संत-महंत उपस्थित रहे। सभी ने महंत रामकमल दास महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके सेवा कार्यों को स्मरण किया।