UP

भाजपा का कार्यकर्ता सेवा को अपने राजनीतिक जीवन का आधार मानकर काम करता है : विनोद तावड़े

अयोध्या, 07 अक्टूबर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनप्रतिनिधि के रूप में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को सहादतगंज स्थित फॉरएवर लॉन से सेवा ज्योति पद यात्रा निकाली गई। यात्रा से पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन का पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने लाइव प्रसारण के माध्यम से श्रवण किया। इसके बाद सेवा ज्योति प्रज्वलित कर यात्रा का शुभारंभ किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। यात्रा रामपथ स्थित गरुड़ द्वार तक पहुंची। इस दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया और यात्रा के जरिए सेवा, जनकल्याण एवं सामाजिक सरोकार का संदेश दिया गया।

प्रधानमंत्री के उद्बोधन का लाइव प्रसारण होने के बाद भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने कहा कि राजनीति हमारे लिए सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि समाज की सेवा का माध्यम है। भाजपा का कार्यकर्ता सेवा को अपने राजनीतिक जीवन का आधार मानकर काम करता है। सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य भी समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर जरूरतमंदों की सहायता करना और जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाना है।

क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी ने कहा कि महानगर में किसी प्रमुख चौराहे का नाम ‘सेवा ज्योति चौराहा’ रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह चौराहा सेवा, समर्पण और समाज के प्रति दायित्व की भावना का प्रतीक बनेगा।

इस अवसर पर प्रदेश मंत्री एवं महानगर प्रभारी शिव भूषण सिंह, विधान परिषद सदस्य एवं जिला प्रभारी अनूप गुप्ता, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, विधायक रामचंद्र यादव, अमित सिंह चौहान, चंद्रभान पासवान, पूर्व सांसद लल्लू सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी, महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव, जिला अध्यक्ष राधेश्याम त्यागी, इंद्र प्रताप तिवारी खब्बू, धर्मेंद्र प्रताप सिंह टिल्लू सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।