UP

ध्रुव कुमार त्रिपाठी विधान परिषद में उठाया शिक्षकों की समस्याओं को : देवेन्द्र सिंह

देवरिया, 12 अक्टूबर । गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी के समर्थन में एमएलसी देवेंद्र सिंह ने शिक्षकों से मतदान की अपील की। एक मैरिज हॉल में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने शिक्षकों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि ध्रुव कुमार त्रिपाठी विधान परिषद में शिक्षकों की समस्याओं और अधिकारों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं। शिक्षकों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए उनका सदन में बने रहना जरूरी है।

देवेंद्र सिंह ने कहा कि शिक्षक समाज शिक्षा व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी है। शिक्षकों की समस्याओं का समाधान और उनके अधिकारों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची को पारदर्शी बनाने पर जोर दिया, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया में किसी प्रकार की विसंगति न रहे और पात्र शिक्षकों को मतदान का अवसर मिल सके।

एमएलसी ने शिक्षकों के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जिक्र करते हुए कैशलेस चिकित्सा सुविधा, ग्रेच्युटी की सीमा बढ़ाने और दुर्घटना बीमा योजना को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि सामान्य मृत्यु की स्थिति में 10 लाख रुपये और दुर्घटना में एक करोड़ रुपये की सहायता का प्रावधान है। इन सुविधाओं से शिक्षकों और उनके परिवारों को कठिन परिस्थितियों में आर्थिक मदद मिल सकती है।

उन्होंने टीईटी अनिवार्यता को लेकर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद शिक्षकों की सेवा सुरक्षित रखने के लिए सरकार की ओर से उठाए गए कदमों का भी उल्लेख किया। कहा कि शिक्षकों के हितों से जुड़े विषयों पर गंभीरता से विचार करना आवश्यक है।

प्रेसवार्ता के दौरान देवेंद्र सिंह ने शिक्षकों से ध्रुव कुमार त्रिपाठी के कार्यों और शिक्षकों के मुद्दों पर उनके प्रयासों को ध्यान में रखते हुए मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षक अपने मताधिकार का प्रयोग कर उन्हें विजयी बनाएं और विधान परिषद में भेजें, ताकि शिक्षकों से जुड़े मुद्दों को सदन में उठाया जा सके।