कैथल में हेरोइन व गांजे के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
कैथल, 12 अक्टूबर । जिले में नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सीवन में एक आरोपी के कब्जे से 10.12 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), जबकि गांव क्योड़क में दूसरे आरोपी से एक किलो 120 ग्राम गांजा फूल-पत्ती बरामद की है। दोनों मामलों में संबंधित थानों में केस दर्ज कर पुलिस ने आगामी जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार की अगुवाई में एएसआई जसमेर सिंह की टीम सीवन क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने वाल्मीकि चौपाल के पास दबिश दी और दीपक निवासी सीवन को काबू कर लिया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे एईटीओ कैथल रमन कुमार की मौजूदगी में आरोपी की तलाशी ली गई। इस दौरान उसकी जेब में रखी एक पन्नी से 10.12 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सीवन में मामला दर्ज किया। इसके बाद एसआई बलराज ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
दूसरी कार्रवाई में एंटी नारकोटिक सेल के एएसआई अनिल कुमार की टीम गांव क्योड़क क्षेत्र में गश्त कर रही थी। गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस ने गांव की वाल्मीकि बस्ती में दबिश देकर लीला लाडी निवासी क्योड़क को काबू किया। मौके पर पहुंचे एईटीओ रमन कुमार की मौजूदगी में तलाशी लेने पर आरोपी के हाथ में पकड़े काले रंग के पॉलीथिन से एक किलो 120 ग्राम गांजा फूल-पत्ती बरामद हुई। इस मामले में थाना सदर में केस दर्ज किया गया है और एएसआई जगभान ने आरोपी को गिरफ्तार किया।


