जबलपुरः पांच साल की सजा काटकर बाहर आया बदमाश चाकू के साथ गिरफ्तार
जबलपुर, 16 अक्टूबर । मध्य प्रदेश के जबलपुर में पांच साल की जेल की सजा काटकर बाहर आए एक शातिर बदमाश को रांझी पुलिस ने शुक्रवार को धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पुरानी रंजिश का बदला लेने की नीयत से किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी दिलीप उर्फ डिल्लू, निवासी समन नगर, रिछाई, कुछ समय पहले ही धारा 307 के मामले में पांच साल की सजा काटकर जेल से बाहर आया था। हालांकि, पुरानी रंजिश को लेकर उसके मन में दुश्मनी बनी हुई थी। पुलिस को आशंका थी कि आरोपी किसी आपराधिक वारदात को अंजाम दे सकता है।
पुलिस को मिली सटीक सूचना के आधार पर टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दशहरा मैदान और वीएफजे के पास घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक बड़ा धारदार चाकू बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश कर दिया है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी को धारदार हथियार किसने उपलब्ध कराया था और इस मामले में अन्य कौन लोग शामिल हैं।


