सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण का लिया संकल्प
जोधपुर, 07 अक्टूबर । राज्य सरकार के निर्देशानुसार विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत जनसेवा, सामाजिक सरोकार एवं सुशासन की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय सेवा ज्योति कलश यात्रा का आयोजन आज 12वीं रोड स्थित रामलीला मैदान में किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित किया।
अभियान का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास गतिविधियों की जानकारी आमजन तक व्यापक स्तर पर पहुंचाने तथा विकसित भारत-विकसित राजस्थान के संकल्प की दिशा में जनभागीदारी को सुदृढ़ करना था। अभियान में किसानों, महिलाओं, युवाओं सहित विभिन्न वर्गों की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम के दौरान पर्यटन विभाग एवं राजस्थान संगीत नाटक अकादमी के सहयोग से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की गई।
भाजपा के शहर जिलाध्यक्ष राजेंद्र पालीवाल ने बताया कि 7 अक्टूबर 2001 को मोदी ने पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। अब सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं जिला प्रभारी भूपेंद्र सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन और उनके नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारत का नाम पूरी दुनिया में गौरवान्वित किया है। ऐसे शक्तिशाली और प्रभावशाली नेतृत्व को हम सभी प्रणाम करते हैं और उनका आभार व्यक्त करते हैं। कार्यक्रम के बाद मसाल जुलूस भी निकाला गया जो शहर की विभिन्न मार्गो से होते हुए गुजरा। कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी, महापौर पर प्रसन्नचंद मेहता मेहता, उपमहापौर विजय पंवार, भाजपा शहर जिला अध्यक्ष राजेंद्र पालीवाल, ग्रामीण अध्यक्ष त्रिभुवन भाटी, शहर विधायक अतुल भंसाली आदि मौजूद रहे।


