Uttarakhand

संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर मताधिकार छीन रही सरकार: आफताब

हरिद्वार, 22 अक्टूबर । हरियाणा के नूंह से विधायक और हरिद्वार के कांग्रेस पर्यवेक्षक आफताब अहमद ने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे लोग सत्ता में बने रहने के लिए संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रहे हैं और एसआईआर के माध्यम से मताधिकार छीनने का काम कर रहे हैं।

गुरुवार को प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता में आफताब अहमद ने कहा कि जनता के मताधिकार को बचाने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में पूरे देश में संघर्ष चल रहा है। वोट बचाने के अभियान को बूथ स्तर तक ले जाया जा रहा है और जनता इसका समर्थन कर रही है।

उन्होंने कहा कि वोट कटवाने के लिए नियमों के विपरीत फॉर्म-7 के प्रयोग के मामले बड़ी संख्या में सामने आए हैं। विपक्ष द्वारा शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही है। लोकतंत्र और संविधान को मजबूत करना सरकार की जिम्मेदारी है, किसी को मताधिकार से वंचित नहीं किया जा सकता। मताधिकार से ही प्रजातंत्र मजबूत होता है, लेकिन भाजपा सरकार एसआईआर के बहाने नागरिकों के मताधिकार को छीनना चाहती है, जिसे सफल नहीं होने दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान निरंतर जारी रहेगा।

प्रेसवार्ता में राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा, जिलाध्यक्ष बालेश्वर सिंह, महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग, मुरली मनोहर, मनोज सैनी, संजय सैनी, मनोज धनगर, पूर्व एमएलसी रामयश सिंह, तीर्थपाल रवि, अंजू मिश्रा सहित कई नेता मौजूद रहे।