Uttarakhand

स्वतंत्रता सेनानी परिवार राष्ट्र की धरोहर : रघुवंशी

हरिद्वार, 04 अक्टूबर । स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति के राष्ट्रव्यापी अभियान “हर महीने प्रथम रविवार दस बजे दस मिनट स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नाम” के तहत रविवार को देशभर में ध्वजारोहण और पुष्पांजलि कार्यक्रम के साथ हरिद्वार जिले में जटवाड़ा पुल स्थित अमर शहीद जगदीश वत्स पार्क में कार्यक्रम आयोजित हुआ, वटवृक्ष सुनहरा, भगवानपुर, लक्सर, रुड़की, बहादराबाद में भी आयोजन हुए।

ज्वालापुर में वंदेमातरम् के बाद मार्गदर्शक मंडल सदस्य वीरेंद्र गहलौत ने ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान के बाद राष्ट्रीय महासचिव जितेन्द्र रघुवंशी, कैलाश वैष्णव, अनुराग गौतम और आदित्य गहलौत ने शहीद जगदीश वत्स की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। सेनानी परिवारों और नागरिकों ने पुष्पांजलि दी।

इस मौके पर जितेन्द्र रघुवंशी ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार किसी एक जाति, धर्म या संप्रदाय के नहीं, पूरे राष्ट्र की धरोहर हैं। 1822 की कुंजा बहादुरपुर क्रांति से 1947 तक हर धर्म-जाति के लोगों ने मिलकर आजादी की लड़ाई लड़ी। उनका लक्ष्य केवल स्वाधीन भारत था। सेनानी परिवारों को राजनीतिक या सामाजिक खांचे में बांटना उनके बलिदान का अपमान है। उन्होंने सभी परिवारों से पूर्वजों का अनुकरण कर सच्चे देशभक्त की भूमिका निभाने का आह्वान किया।