Uttarakhand

चौबटिया में भारत-यूएई सैन्य अभ्यास जारी, पहाड़ी युद्ध कौशल पर जोर

देहरादून, 10 अक्टूबर । उत्तराखंड के चौबटिया स्थित विदेशी प्रशिक्षण केंद्र में भारत और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की सेनाओं का संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘माउंटेन गार्जियन-2026’ जारी है। पांच से 18 अक्टूबर तक चलने वाले इस 14 दिवसीय अभ्यास में दोनों देशों के कुल 92 जवान हिस्सा ले रहे हैं। अभ्यास का उद्देश्य पहाड़ी क्षेत्रों में सैन्य अभियानों की क्षमता बढ़ाना, सामरिक तालमेल मजबूत करना और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से जुड़े अनुभव साझा करना है।

भारतीय सेना की ओर से भैरव बटालियन के जवान और यूएई सेना की पर्वतीय पैदल सेना बटालियन के सैनिक इसमें भाग ले रहे हैं। शुरुआती चरण में दोनों देशों के सैनिकों ने शारीरिक प्रशिक्षण, जिउ-जित्सु, त्वरित प्रतिक्रिया के साथ निशानेबाजी,चट्टानों पर चढ़ाई, रस्सियों के सहारे नीचे उतरने, रस्सी के सहारे बाधाएं पार करने, हेलीकॉप्टर से रस्सी के जरिए उतरने और दिन-रात गोलीबारी का अभ्यास किया। इसके साथ ही पहाड़ी क्षेत्रों में सैन्य अभियान चलाने का विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया।

अभ्यास के आगामी चरणों में संयुक्त योजना बनाना,सामरिक गतिविधियां, निगरानी तंत्र विकसित करना, ड्रोन संचालन और बाधाओं को पार करने का प्रशिक्षण शामिल होगा। इसके अलावा एकीकृत मैदानी अभ्यास के माध्यम से चुनौतीपूर्ण पहाड़ी इलाकों में तकनीक आधारित सैन्य अभियानों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

रक्षा जनसंपर्क अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल चेतन सिंह कबसूड़ी देहरादून, उत्तराखंड के अनुसार, इस अभ्यास से दोनों सेनाओं के बीच आपसी तालमेल और सामरिक दक्षता बढ़ाने में मदद मिल रही है। सैनिकों को पहाड़ी युद्ध से जुड़ी कार्यप्रणालियों और अनुभवों का आदान-प्रदान करने का अवसर भी मिल रहा है। यह अभ्यास भारत और यूएई के बीच सैन्य सहयोग,आपसी विश्वास और पेशेवर संबंधों को मजबूत करने की दिशा में आयोजित किया जा रहा है।