UP

प्रदेश का निर्यात दो लाख करोड़ के पार : योगी आदित्यनाथ

लखनऊ, 04 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के भदोही जनपद पहुंचने से पहले रविवार की सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि एशिया के सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय हस्तनिर्मित कालीन व्यापार मेले ‘इंडिया कारपेट एक्सपो’ के स्वर्ण जयंती संस्करण का आज शुभारंभ कर कालीन उद्योग के निर्यातकों, विक्रेताओं एवं उद्यमियों से संवाद करूंगा।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि पहले भदोही का हुनर अपनी राह तलाशता था, आज सरकार उसके लिए विकास, बाजार और अवसर के नए द्वार खोल रही है। प्रदेश का निर्यात पिछले 10 वर्षों में लगभग 2.27 गुना बढ़कर आज दो लाख करोड़ के पार पहुंच चुका है और उत्तर प्रदेश देश का पांचवां सबसे बड़ा निर्यातक राज्य है। निर्यात में भदोही के कालीन का बड़ा योगदान है।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि जिन हाथों ने अपने हुनर से भदोही के कालीनों को दुनिया तक पहुंचाया, वर्ष 2017 से पहले वही हाथ बुनियादी सुविधाओं और अवसरों के लिए प्रतीक्षा करते रहे। आज डबल इंजन सरकार में वही हुनर विकास और वैश्विक बाजार, दोनों से जुड़ रहा है। हाथ से बनी भदोही की कालीनों की मांग आज पूरी दुनिया में सबसे अधिक है, जो वैश्विक मंच पर उत्तर प्रदेश के हुनर का लोहा मनवा रही हैं।

उन्होंने कहा कि इस अवसर पर भदोही, औराई एवं ज्ञानपुर विधान सभा क्षेत्रों को एक हजार 340 करोड़ से अधिक की 112 विकास परियोजनाओं की सौगात मिलेगी और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को हितलाभ प्रदान किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि कारीगर के हाथ को सम्मान, उद्यम को विस्तार, युवाओं को रोजगार और भदोही को समृद्धि, यही नए उत्तर प्रदेश में विरासत और विकास के संगम की नई पहचान है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को भदोही दौरे पर रहेंगे।