UP

बैंक में लाइसेंसी रिवॉल्वर गिरने से चली गोली, महिला बैंक संविदा कर्मी घायल

वाराणसी, 16 अक्टूबर (हि. स.)। वाराणसी के शिवपुर थाना में शुक्रवार को क्राइस्ट नगर स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में संजीव शुक्ला की लाइसेंसी रिवाल्वर गिरने से चली गोली से महिला बैंक संविदा कर्मी अनुराधा त्रिपाठी घायल हो गई। पुलिस ने घायल काे अस्पताल पहुंचाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बैंक के गार्ड ने संजीव शुक्ला के बैंक पहुंचने पर उनकी लाइसेंसी रिवॉल्वर को दराज में रखा था और तभी बैंक में संविदा कर्मी सेवा सारथी के पद पर तैनात गाजीपुर निवासी करीब अनुराधा त्रिपाठी ने दराज खोला और रिवॉल्वर गिर गई। जिससे उसके दाहिने पैर में गोली लग गई। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ी, जिसके बाद आनन-फानन में अनुराधा त्रिपाठी को वाराणसी के जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उनका उपचार किया है। वही, शिवपुर थाना की पुलिस मौके पर गार्ड के बयान को लेकर आगे की कार्यवाही कर रही है।