राजस्थान में 24 अक्टूबर से बदलेगा मौसम, पश्चिमी जिलों में बारिश और ओलावृष्टि के आसार
जयपुर, 23 अक्टूबर । राजस्थान में अक्टूबर के अंतिम दिनों में मौसम एक बार फिर करवट लेने की तैयारी में है। प्रदेश में 24 अक्टूबर से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से पश्चिमी राजस्थान के श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और बीकानेर जिलों में बारिश के साथ कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि होने के आसार हैं।
मौसम में संभावित बदलाव के बीच फिलहाल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना हुआ है, जबकि पश्चिमी जिलों में दिन के समय गर्मी का असर बरकरार है।
जैसलमेर गुरुवार को प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस मापा गया। बाड़मेर में पारा 38.6 डिग्री और जोधपुर में 37.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। हालांकि, देर शाम जैसलमेर के कई इलाकों में बादल छाने के साथ बूंदाबांदी हुई। फलोदी के आसपास भी आसमान में बादलों की आवाजाही देखने को मिली।
राजस्थान में इन दिनों मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। दिन में तेज धूप के कारण पश्चिमी जिलों में गर्मी महसूस हो रही है, वहीं रात के तापमान में गिरावट से हल्की ठंडक बढ़ने लगी है। सीकर, पिलानी, टोंक और भीलवाड़ा सहित कई शहरों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे मापा जा रहा है। पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू में रात सबसे ठंडी रही, जहां न्यूनतम तापमान 14.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार शुक्रवार को प्रदेश में मौसम शुष्क रहने और धूप निकलने की संभावना है। इसके बाद 24 अक्टूबर से नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव हो सकता है। इसका असर मुख्य रूप से बीकानेर संभाग के जिलों में दिखाई देने की संभावना है। श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और बीकानेर में बारिश तथा कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है।
फिलहाल प्रदेश के अधिकांश इलाकों में मौसम सामान्य बना हुआ है, लेकिन नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने पर पश्चिमी राजस्थान में बादलों की आवाजाही बढ़ने और बारिश की गतिविधियां शुरू होने की संभावना है।


