Haryana

यमुनानगर:नवरात्रि की ज्याेत से घर में लगी आग, शादी का सामान जला

यमुनानगर, 15 अक्टूबर यमुनानगर जिले के साढौरा क्षेत्र स्थित प्रेम नगर मोहल्ले में नवरात्र के दौरान घर में जल रही माता की ज्योत से कमरे में आग लग गई। आग तेजी से फैलने के कारण कमरे में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। हादसे में पुत्रवधू का दहेज का सामान, जेवर, 25 हजार रुपये की नकदी और हाल ही में खरीदी गई 43 इंच की एलईडी जल गई। परिवार को लाखों रुपये का नुकसान होने की बात कही जा रही है। परिवार की महिला बबीता ने बताया कि उनका मकान दो मंजिला है।

ऊपरी मंजिल पर उनका बेटा समीर और पुत्रवधू रहते हैं, जबकि परिवार के अन्य सदस्य नीचे रहते हैं। नवरात्र के चलते बुधवार देर रात ऊपरी कमरे में माता की ज्योत जलाई गई थी। उस समय परिवार के सभी सदस्य नीचे बैठे थे। बबीता के अनुसार, शुरुआत में परिवार को आग लगने का पता नहीं चला। कुछ देर बाद जब ऊपर से धुआं उठता दिखाई दिया तो परिवार के सदस्य तुरंत कमरे की ओर दौड़े। वहां पहुंचने पर देखा कि कमरे में आग भयानक रूप ले चुकी थी और सामान तेजी से जल रहा था।

आग की चपेट में आने से पुत्रवधू के दहेज का सामान, जेवर, 25 हजार रुपये की नकदी और एलईडी जल गई। बबीता ने बताया कि एलईडी हाल ही में खरीदी गई थी और उसकी केवल एक किस्त ही जमा करवाई गई थी। आग से घरेलू सामान के साथ परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। गनीमत रही कि आग लगने के समय कमरे में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। शुरुआती आशंका है कि माता की ज्योत गिरने के कारण आग लगी होगी।