प्रदेश के 16 जिलों में 05 से 15 नवंबर तक चलेगा फाइलेरिया की दवा खिलाने का अभियान
लखनऊ, 04 नवंबर । उत्तर प्रदेश के 16 जिलों के 53 ब्लाॅक में सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) अभियान 19 नवंबर से 7 दिसंबर के बीच आयोजित किया जाएगा। इससे पहले विभाग ने अब तक कभी फाइलेरिया रोधी दवा न खाने वालों और दीवाली के अवसर पर घर वापस आ रहे प्रवासी लोगों को दवा खिलाने का फैसला लिया है। यह अभियान गुरुवार 05 नवम्बर से 15 नवंबर तक चलेगा। इस दौरान स्वास्थ्य कर्मी चिंहित लोगों के घर जाकर उन्हें अपने सामने दवा खिलाएंगे।
राज्य फाइलेरिया अधिकारी डॉ. एके चौधरी के अनुसार, प्रदेश को फाइलेरिया मुक्त बनाने के लिए जरूरी है कि हर पात्र व्यक्ति फाइलेरिया रोधी दवाएं जरूर खाए। प्रदेश में फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम अंतिम दौर में है। इसलिए इस बार नेवर टेकन व रेफ्यूजल (इनकार करने वाले) केसों पर फोकस है। इसके अलावा इस बार एमडीए से पहले दीवाली पड़ने के चलते प्रवासी लोगों को भी दवा खिलाने की सहूलियत मिल जा रही है।
उन्होंने बताया कि सभी 16 जिलों में नेवर टेकन व रेफ्यूजल केसों की लाइन लिस्टिंग की जा चुकी है। गुरुवार से 15 नवंबर तक स्वास्थ्य कर्मी उनके घर जाकर अपने सामने उन्हें दवा खिलाएंगे और फाइलेरिया के बारे में जागरूक भी करेंगे। इनमें से जो लोग रह जाएंगे, उन्हें एमडीए अभियान के दौरान कवर किया जाएगा।
राज्य फाइलेरिया अधिकारी ने बताया कि एमडीए अभियान की तैयारी पूरी कर ली गई है। सभी 16 जिलों में दवा पहुंच गई है। अंतरविभागीय सहयोग के तहत प्राथमिक व माध्यमिक शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश राज्य़ ग्रामीण आजीविका मिशन (यूपीएसआरएलएम) व पंचायती राज विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों का प्रशिक्षण हो चुका है। मंगलवार व बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) का भी प्रशिक्षण हो गया। सभी अधिकारी-कर्मचारी तैयार हैं। इस बार प्रत्येक ब्लाक में 90 प्रतिशत से अधिक लोगों को अपने सामने दवा खिलाने का लक्ष्य है। इसमें ‘नेवर टेकन’ और इनकार करने वाले लोगों की पहचान, उनकी पात्रता के अनुरूप दवा सेवन, छूटे लोगों का फॉलोअप और समुदाय की भागीदारी पर ध्यान देना आवश्यक है।
कानपुर नगर, उन्नाव, कानपुर देहात, चित्रकूट, सीतापुर, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, श्रावस्ती, प्रयागराज, गोण्डा, हरदोई, कन्नौज, बलिया, फर्रुखाबाद, फतेहपुर व कौशांबी के 53 ब्लाक में एमडीए अभियान होना है। सबसे ज्यादा फतेहपुर में 11 ब्लाक, उसके बाद सीतापुर में 10 व कानपुर देहात में सात ब्लाक हैं।


