Himachal Pradesh

प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू को अर्पित की पुष्पांजलि

मंडी, 14 नवंबर । भारत के प्रथम प्रधानमंत्री व आधुनिक भारत के निर्माता पंडित जवाहर लाल नेहरू के जन्म दिवस पर जिला कांग्रेस कमेटी मंडी की ओर से बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष चंपाा ठाकुर ने की। बैठक में बलविंदर सिंह बबलू महासचिव प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं प्रभारी मंडी जिला, विशेष रूप से उपस्थित रहे। सर्वप्रथम उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया।

इस अवसर पर इन्होंने पंडित नेहरू के जीवन पर प्रकाश डाला और कहा कि पंडित जवाहर लाल नेहरू का जन्म 14 नवंबर 1889 को मोती लाल नेहरू के घर इलाहाबाद में हुआ था। वे1912 में विदेश से बैरिस्टर बनकर भारत लौटे और 1913 में सक्रिय रूप से आजादी की लड़ाई में कूद पड़े। उन्होंने गांधी जी के असहयोग आंदोलन, सविनय अवज्ञा आंदोलन, भारत छोड़ो आंदोलन में अहम भूमिका निभाई, कई बार जेल भी गए। आजादी के बाद देश के प्रथम प्रधानमंत्री बने। 17 वर्षों के प्रधानमंत्री कार्यकाल में उन्होंने हर क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित किए। योजना आयोग का गठन किया जिसे आज नीति आयोग कहते हैं। 1948 में परमाणु ऊर्जा आयोग की स्थापना की,आईआईटी,बीएचएल,एआईआईएमएस , स्टील प्लांट और कई विश्वविद्यालयों की स्थापना की।

उन्होंने कहा कि बच्चों से पंडित जवाहर लाल नेहरू को बहुत लगाव था, बच्चे उन्हें चाचा नेहरू के नाम से पुकारते थे। इसिलिए आज का दिन बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। भारत के नव निर्माण में उन्होंने अहम भूमिका निभाई उसे भारतवासी सदैव याद रखेंगे।