UP

बलिया के चंद्रशेखर उद्यान में जले 10 हजार दीपक

बलिया, 10 नवंबर । पूर्व पीएम चन्द्रशेखर जन्म शताब्दी वर्ष में 10 नवम्बर को ‘प्रधानमंत्री दिवस’ के रूप में याद किया जा रहा है। चन्द्रशेखर के पीएम पद की शपथ लेने वाले दिन को यादगार बनाने के लिए मंगलवार को चंद्रशेखर उद्यान में जहां चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, वहीं दस हजार दीपक जलाए गए। इसके अलावा पूरे जनपद में महापुरुषों की प्रतिमाओं पर भी हजारों दीप जलाए गए।

उल्लेखनीय है कि दस नवम्बर को ही बलिया के आठ बार के सांसद चंद्रशेखर ने देश के आठवें प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लिया था। जिसके उपलक्ष्य में मंगलवार का दिन चंद्रशेखर के प्रधानमंत्री शपथ दिवस के रूप में मनाया गया। चन्द्रशेखर उद्यान में 11 बजे से चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न स्कूलों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। बच्चों ने चंद्रशेखर की प्रतिमा के पास प्रधानमंत्री दिवस दस नवम्बर को दियों के माध्यम से लिखा। बच्चों द्वारा पूर्व पीएम के चित्र को कैनवस पर उकेरे जाते समय राज्यसभा सांसद नीरज शेखर भी पहुंचे। उन्होंने बच्चों को प्रोत्साहित किया। नीरज शेखर ने घोषणा की कि जिले भर के विद्यालयों में चंद्रशेखर जी से जुड़ी किताबें वितरित की जाएंगी ताकि नई पीढ़ी पूर्व पीएम के संघर्ष और उनके विचारों से अवगत हो सकेज उधर, शाम को पांच बजे सांसद नीरज शेखर एवं विधान परिषद सदस्य रविशंकर सिंह ‘पप्पूभैया’ की उपस्थिति में 10 हजार दीप जलाकर चंद्रशेखर उद्यान को रोशन किया गया। दीप जलाने में टाउन इंटर कालेज के कैडेट, एसीसी कैडेट, रणजीत सिंह ग्रामोदय इंटर कालेज मिड्ढा, जन नायक चंद्रशेखर विवि के छात्रों ने प्रमुख भूमिका निभाई। चित्रकला प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल में फाइन आर्ट्स लखनऊ के छात्र अमन वर्मा, राज्य ललित कला अकादमी के अलख कुमार व बीएचयू के एमएफए छात्र प्रिंस कुमार ने प्रमुख भूमिका निभाई। दिपोत्सव व चित्रकला प्रतियोगिता के आयोजन में टाउन इंटर कालेज के कला अध्यापक आत्मप्रकाश सिंह, मिथिलेश कुमार सिंह व डा. इफ्तेखार खां, एसीसी अफसर स्नेह प्रकाश श्रीवास्तव का भी योगदान सराहनीय रहा। चंद्रशेखर उद्यान के अलावा हजारों दीप शहर के कुंवर सिंह चौराहा, टीडी कालेज चौराहा, सतीश चंद्र कालेज चौराहा, कदम चौराहा, शहीद पार्क चौक और अन्य चौराहों पर स्थापित प्रतिमाओं पर भी जलाए गए। इस अवसर पर अखिलेश सिन्हा, अनूप पांडेय, अनिल सिंह, ज्ञान प्रकाश गुप्ता, राघव सिंह, उपेन्द्र सिंह, रणवीर सिंह सेंगर, मनीष सिंह, आशीष त्रिवेदी, बृजेश सिंह गाट, टिंकू सिंह, मानवेन्द्र सिंह, धर्मवीर सिंह आदि की भूमिका सराहनीय रही।