MP

शहडोल: अनुकंपा नियुक्ति से 22 परिवारों को मिला संबल

शहडोल, 23 नवंबर । मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के परिवार के किसी सदस्य को खोने के बाद उत्पन्न कठिन परिस्थितियों और जिम्मेदारियों के बीच सोमवार को अनुकंपा नियुक्ति 22 परिवारों के लिए नई उम्मीद और आर्थिक संबल लेकर आई है।

जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत माह नवंबर 2026 में 22 हितग्राहियों को विभिन्न पदों पर अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की गई। कलेक्टर पार्थ जायसवाल एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शिवम प्रजापति ने हितग्राहियों को नियुक्ति प्रमाण पत्र वितरित किए। नियुक्ति प्रमाण पत्र प्राप्त करते समय हितग्राहियों के चेहरों पर खुशी और भविष्य के प्रति नया विश्वास दिखाई दिया।

अनुकंपा नियुक्ति प्राप्त करने वाले हितग्राहियों में सुमन अहिरवार, जितेन्द्र कुमार, शिशिर लाल बनवासी, राजकुमार मौर्य, राहुल सिंह, अनुप सिंह, नीतू सिंह, सुदर्शन किशोर, सुरेश प्रसाद केंवट, आशीष कुमार मासिव, आशुतोष बहादुर सिंह, आरती द्विवेदी, दीन नारायण द्विवेदी, गौरव कुमार सिंह, छत्रेन्द्र शुक्ला, आनंद कुमार प्रजापति, साक्षी सिंह, आनंद कुमार भगत, रवि सिंह परस्ते, मनीष सिंह,अंकिता शुक्ला एवं धर्मेन्द्र कुमार तिवारी शामिल हैं।

सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, हितग्राहियों को भृत्य, प्रयोगशाला परिचारक, सहायक ग्रेड-3 एवं प्राथमिक शिक्षक के पदों पर नियुक्ति प्रदान की गई है। उनकी पदस्थापना शासकीय विद्यालयों एवं संबंधित संस्थानों में की गई है। बुढार, सोहागपुर, जयसिंहनगर, गोहपारू सहित विभिन्न विकासखंडों में हितग्राहियों को पदस्थ किया गया है। साथ ही उनके निवास के समीप की संस्थाओं में पदस्थापना की जानकारी भी तैयार की गई है, जिससे उन्हें पारिवारिक जिम्मेदारियों के निर्वहन में सुविधा मिल सके।

अनुकंपा नियुक्ति केवल एक शासकीय नौकरी नहीं, बल्कि कठिन परिस्थितियों से गुजर रहे परिवारों को आर्थिक सुरक्षा और सम्मानपूर्वक जीवन आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान करने का माध्यम है। परिवार के सदस्य को खोने के बाद उत्पन्न हुई जिम्मेदारियों के बीच यह नियुक्ति उनके लिए नई उम्मीद लेकर आई है। इससे परिवारों को आर्थिक संबल मिलने के साथ ही अपने भविष्य को बेहतर बनाने का भरोसा भी मिला है।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर संरोधन सिंह, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग आनंद राय सिन्हा, महाप्रबंधक उद्योग मनीष अलावा, अग्रणी बैंक प्रबंधक अमित चौरसिया, राजेन्द्र तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।