हरियाणा युवा संवाद-2026 में 15 राज्यों के 90 युवाओं ने लिया हिस्सा, जानवी शर्मा रहीं अव्वल
चंडीगढ़, 04 नवंबर । हरियाणा विधानसभा की ओर से बुधवार को आयोजित हरियाणा युवा संवाद-2026 में 15 राज्यों के 90 युवा प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति, संवैधानिक मूल्यों और महिला सशक्तीकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। संवाद प्रतियोगिता में जानवी शर्मा ने प्रथम, आरजू पाराशर ने द्वितीय और अक्षय कुमार झा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने युवाओं से समाज को संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूक करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति का मूल भाव स्वयं से पहले दूसरों के हित और कल्याण की चिंता करना है। यही भावना समाज में परस्पर सहयोग, सद्भाव और समरसता को मजबूत बनाती है।
कल्याण ने कहा कि संविधान हमारे अधिकारों और कर्तव्यों का महत्वपूर्ण दस्तावेज है। इसके मूल्यों को समझना और उन्हें अपने आचरण में उतारना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। युवाओं को महापुरुषों के आदर्शों को आत्मसात करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक का उपयोग कर युवाओं को अपनी क्षमताओं और दक्षताओं का विकास करना चाहिए, लेकिन यह विकास तभी सार्थक होगा, जब जीवन मूल्यों और संस्कारों को भी बनाए रखा जाए।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय संविधान ने देश को एक अनूठी संसदीय व्यवस्था दी है, जिसमें विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका को उनकी विशिष्ट भूमिकाओं, अधिकारों और जिम्मेदारियों के साथ स्थापित किया गया है।
इससे पहले कार्यक्रम का शुभारंभ विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा ने दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत जैसे विशाल और विविधताओं से भरे देश में लोकतंत्र की मजबूती तभी संभव है, जब समाज के सभी वर्गों को निर्णय लेने की प्रक्रिया में उचित भागीदारी मिले।———–


