Rajasthan

आपराधिक प्रकरण लंबित होने के आधार पर कार्यभार ग्रहण से इनकार पर मांगा जवाब

जयपुर, 26 नवंबर । राजस्थान हाईकोर्ट ने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भर्ती-2024 में सफल होने के बाद अभ्यर्थी के खिलाफ आपराधिक प्रकरण लंबित बताकर कार्यभार ग्रहण नहीं कराने पर प्रमुख शिक्षा सचिव, शिक्षा निदेशक और टोंक जिला शिक्षा अधिकारी सहित अन्य को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। जस्टिस अनूप कुमार की एकलपीठ ने यह आदेश सुधीर गिल की ओर से दायर याचिका पर प्रारंभिक सुनवाई करते हुए दिए।

याचिका में अधिवक्ता लक्ष्मीकांत मालपुरा ने अदालत को बताया कि याचिकाकर्ता ने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भर्ती-2024 में आवेदन किया था। भूतपूर्व सैनिक कोटे में उसका चयन होने के बाद विभाग ने उसके दस्तावेज सत्यापन कर उसका पदस्थापन टोंक के बास खरोलान स्थिति सीनियर सेकेंडरी स्कूल में कर दिया। याचिका में कहा गया कि जब वह कार्यग्रहण करने स्कूल गया तो उसे दुर्घटना से जुडे एक लंबित आपराधिक प्रकरण का हवाला देकर कार्यभार ग्रहण कराने से इनकार कर दिया। जिसे चुनौती देते हुए कहा गया कि याचिकाकर्ता ने भर्ती के दौरान कोई तथ्य नहीं छिपाए हैं और उसका दस्तावेज सत्यापन भी हो चुका है। ऐसे में उसे कार्यभार ग्रहण नहीं कराना गलत है। जिस पर सुनवाई करते हुए एकलपीठ ने संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया है।