आपसी रंजिश के चलते हिस्ट्रीशीटर की कुल्हाड़ी से हत्या
जयपुर, 11 नवंबर । राजधानी जयपुर के करधनी थाना क्षेत्र में बुधवार रात आपसी रंजिश के चलते एक हिस्ट्रीशीटर की बेरहमी से हत्या कर दी गई। जगदम्बा नगर में कैम्पर सवार चार से छह हमलावरों ने पहले टक्कर मारकर फॉर्च्यूनर गाड़ी रुकवाई और फिर उसमें सवार विजय बाजिया पर कुल्हाड़ी व लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर हमले में विजय की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित कैम्पर में सवार होकर फरार हो गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
पुलिस के अनुसार मृतक विजय बाजिया जोबनेर का निवासी था और जोबनेर थाने का हिस्ट्रीशीटर था। बुधवार रात करीब आठ बजे वह अपनी फॉर्च्यूनर गाड़ी से जोबनेर से जयपुर आ रहा था। इसी दौरान जगदम्बा नगर में कैम्पर सवार बदमाशों ने उसकी गाड़ी को टक्कर मारकर रोक लिया। विजय ने बचने के लिए गाड़ी से उतरकर भागने का प्रयास किया, लेकिन हमलावरों ने उसे घेर लिया और कुल्हाड़ी व लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ वार किए ।
हमला इतना भीषण था कि कुछ ही मिनटों में विजय ने दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने वारदात का घटनाक्रम मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। हत्या की सूचना पर करधनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया। आरोपियों की तलाश में ए-श्रेणी की नाकाबंदी करवाई गई है।
डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण के अनुसार प्रारंभिक जांच में दोनों पक्षों के बीच किसी पुराने मामले को लेकर लंबे समय से विवाद और रंजिश होने की बात सामने आई है। इसी के चलते योजनाबद्ध तरीके से विजय को निशाना बनाए जाने की आशंका है। पुलिस वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।


