सपा 40 और भाजपा 300 पार,यूपी में तीसरी बार योगी सरकार : महंत राजू दास
झांसी, 30 नवंबर । अयोध्या की हनुमान गढ़ी के महंत राजू दास ने उत्तर प्रदेश की राजनीति को लेकर बड़ा बयान देते हुए दावा किया कि प्रदेश में तीसरी बार योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनेगी और पार्टी इस बार भी 300 से अधिक सीटें हासिल करेगी। उन्होंने समाजवादी पार्टी और विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष के पास न कोई विजन है और न ही देश व समाज के प्रति कोई स्पष्ट भावना। उसे केवल सत्ता और कुर्सी की चिंता है।
महंत राजू दास ने कहा कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में त्योहारों और धार्मिक आयोजनों के दौरान लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव से मांग की कि अयोध्या आने से पहले उन्हें माफी मांगनी चाहिए। साथ ही कृष्ण जन्मभूमि और काशी जाकर संकल्प लेना चाहिए तथा शहीद कारसेवकों को श्रद्धांजलि अर्पित करनी चाहिए। वह यहां आयोजित अनूप शिवहरे द्वारा आयोजित श्रीराम कथा में शामिल होने पहुंचे थे। इस कथा का रसपान निरंजनी अखाड़े के पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. कैलाशानंद गिरी द्वारा कराया जा रहा है।
उन्होंने झांसी की धरती से राजनीतिक भविष्यवाणी करते हुए दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को 40 सीटों से अधिक नहीं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि हर सनातनी और हर हिंदू एकजुट है तथा प्रदेश की जनता एक बार फिर भाजपा के पक्ष में जनादेश देगी।
राम मंदिर निर्माण का उल्लेख करते हुए महंत ने कहा कि यदि प्रदेश में योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री नहीं होते तो अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हो पाता या नहीं, इस पर उन्हें संदेह है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल में न्यायालय के आदेश के बाद मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त होने की बात कही। इस दौरान उन्होंने राम मंदिर से जुड़े एक अधिकारी को हटाने की मांग भी उठाई और कारसेवकों पर गोली चलाए जाने की घटना का जिक्र किया।
महंत राजू दास ने तमिलनाडु की घटना, बांग्लादेश में हिंदुओं की स्थिति और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को लेकर भी विपक्ष पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष संविधान की बात तो करता है, लेकिन धार्मिक और सामाजिक मुद्दों पर उसका रुख अलग दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि धर्म सुरक्षित रहेगा, तभी संविधान और देश भी सुरक्षित रहेंगे।


