कांगड़ा कार्निवल का प्रमुख आकर्षण होगी धर्मशाला मैराथन : जफर इकबाल
धर्मशाला, 05 नवंबर । कांगड़ा कार्निवल-2026 के तहत धर्मशाला में 27 दिसंबर को मैराथन का आयोजन किया जाएगा। नगर निगम धर्मशाला एवं जिला प्रशासन द्वारा बिगफुट एडवेंचर इंडिया के सहयोग से आयोजित होने वाली इस मैराथन में देशभर से धावकों के भाग लेने की उम्मीद है। नगर निगम धर्मशाला के आयुक्त जफर इकबाल ने वीरवार को समृद्धि भवन में मैराथन के आयोजन की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी।
उन्होंने कहा कि धर्मशाला मैराथन-2026 का शुभारंभ साई स्टेडियम के समीप खेल परिसर से होगा। मैराथन में 3 किलोमीटर, 5 किलोमीटर, 10 किलोमीटर, हाफ मैराथन तथा फुल मैराथन की श्रेणियां रखी गई हैं। प्रतिभागियों को उनकी श्रेणी के अनुसार अलग-अलग रंगों की इवेंट टी-शर्ट और फिनिशर मेडल प्रदान किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त मैराथन रूट पर विभिन्न स्थानों पर हाइड्रेशन की सुविधा तथा सांस्कृतिक गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इच्छुक प्रतिभागी ऑनलाइन पंजीकरण के माध्यम से इसमें भाग ले सकेंगे। पंजीकरण का लिंक शीघ्र ही आमजन के साथ साझा किया जाएगा।
जफर इकबाल ने बताया कि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के दृष्टिगत इस वर्ष मैराथन का रूट साई स्टेडियम से चीलगाड़ी, सर्किट हाउस, बीएसएनएल, नरघोटा, सुधेड़, पुराना चड़ी रोड, वोल्वो बस स्टैंड और गांधी चौक से होते हुए पुनः बीएसएनएल सड़क के रास्ते खेल परिसर तक निर्धारित किया गया है।उन्होंने कहा कि मैराथन में स्कूली एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों, विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, पुलिस और भारतीय सेना के जवानों सहित आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
नगर निगम आयुक्त ने बताया कि मैराथन से पहले खेल परिसर में हाई मास्ट लाइट स्थापित की जाएगी। इसके लिए उन्होंने खेल विभाग के अधिकारियों को उपयुक्त स्थान चिन्हित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्टेडियम में दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए सुगम रैंप बनाने के निर्देश भी दिए। बैठक में मैराथन के सफल आयोजन के लिए यातायात एवं मार्ग प्रबंधन, चिकित्सा सहायता, पुलिस व्यवस्था, दर्शकों के बैठने की व्यवस्था, होटल एसोसिएशन तथा विभिन्न गैर सरकारी संगठनों के सहयोग सहित अन्य आवश्यक प्रबंधों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जफर इकबाल ने कहा कि प्रदेश के अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके खिलाड़ियों को भी इस आयोजन में विशेष रूप से आमंत्रित किया जाएगा, ताकि उनकी उपस्थिति से प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन हो सके और युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरणा मिले।


