आईएएस शिखर अग्रवाल को सुप्रीम कोर्ट से फिलहाल राहत नहीं, अंतरिम राहत के लिए हाईकोर्ट से करो गुहार
जयपुर, 28 नवंबर । निजी कंपनी को फायदा पहुंचाकर कम कीमत पर विला खरीद से जुड़े मामले में आईएएस शिखर अग्रवाल को फिलहाल सुप्रीम कोर्ट से कोई भी राहत नहीं मिल पाई है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि हाईकोर्ट का आदेश अंतरिम प्रकृति का है और इस स्तर पर यह अदालत उसमें दखल देना उचित नहीं समझती। हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने शिखर अग्रवाल को छूट दी है कि वह अंतरिम राहत के लिए हाईकोर्ट के समक्ष ही प्रार्थना करे। इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट से आग्रह किया है कि वह मामले की जल्द सुनवाई करे। सुप्रीम कोर्ट ने यह आदेश शिखर अग्रवाल की एसएलपी पर सुनवाई करते हुए दिए।
शिखर अग्रवाल ने एसएलपी में राजस्थान हाईकोर्ट से एसीबी की जांच कार्रवाई पर कोई राहत नहीं मिलने पर सुप्रीम कोर्ट में एसएलपी दायर की थी। शिखर अग्रवाल की ओर से पूर्व अटॉर्नी जनरल मुकुल रोहतगी ने पैरवी की। जबकि राज्य सरकार की ओर से देश के अटॉर्नी जनरल आर. वेंकटरमणी और एएजी शिवमंगल शर्मा व एएजी पद्मेश मिश्रा उपस्थित हुए।
दरअसल इस मामले में हाईकोर्ट ने 19 नवंबर को शिखर अग्रवाल की याचिका पर सुनवाई करते हुए उसके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई व एसीबी की जांच कार्रवाई पर राहत नहीं दी थी। इसके साथ ही राज्य सरकार व एसीबी से जवाब देने के लिए कहा था। शिखर अग्रवाल ने हाईकोर्ट में दायर याचिका में कहा कि 27 अक्टूबर को मीडिया में खबर प्रकाशित होने के दूसरे दिन ही उसे राज्य सरकार ने एपीओ कर दिया। वहीं 30 अक्टूबर को राज्य सरकार ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 17-ए के तहत एसीबी को मामले की विस्तृत जांच की मंजूरी दे दी। राज्य सरकार ने प्रार्थी से स्पष्टीकरण का जवाब लिए बिना ही उसके खिलाफ जांच की मंजूरी दी है और यह पूरी प्रक्रिया जल्दबाजी में हुई है। इसलिए उसके खिलाफ दंडात्मक व एसीबी की कार्रवाई पर रोक लगाई जाए। हाई कोर्ट में याचिका पेश करने के अगले दिन ही एसीबी ने मामले में शिखर अग्रवाल सहित अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली थी।


