पंजाब में आतंकी हमला टला, चार हैंड ग्रेनेड व 2 पिस्तौलों सहित केसीएफ के दो गुर्गे गिरफ्तार
चंडीगढ़, 29 नवंबर । पंजाब पुलिस के स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) अमृतसर और काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) जालंधर ने केंद्रीय एजेंसी के साथ संयुक्त अभियान के तहत आईएसआई समर्थित खालिस्तान कमांडो फोर्स (केसीएफ) के आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए शहीद भगत सिंह (एसबीएस) नगर से दो मुख्य गुर्गों को गिरफ्तार किया है।
पंजाब पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने रविवार को बताया कि पुलिस टीमों ने मुलजिमों के कब्जे से चार 86-पी हैंड ग्रेनेड, दो मैगजीनों सहित दो 9 एम.एम. पिस्तौल और 20 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं, जिससे राज्य में संभावित आतंकी हमला टल गया है। गिरफ्तार किए गए मुलजिम दिनेश कुमार उर्फ सौरव और मैरी महाजन एसबीएस नगर के गांव भारो मजारा के रहने वाले हैं। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार मुलजिमों ने विदेश में बैठे हैंडलरों के निर्देशों पर एसबीएस नगर के बहराम नजदीकी इलाके से हैंड ग्रेनेड और हथियारों की यह खेप प्राप्त की थी।
उन्होंने बताया कि इन गुर्गों को राज्य की अमन-शांति और सांप्रदायिक सद्भाव को भंग करने के मकसद से क्षेत्र में किसी सुरक्षा संस्थान या सार्वजनिक स्थान पर हमला करने का काम सौंपा गया था, लेकिन पुलिस की समय पर और समन्वित कार्रवाई की बदौलत इस योजनाबद्ध हमले को सफलतापूर्वक नाकाम कर दिया गया, जिससे कई बेगुनाहों की जान बच गई।
ऑपरेशन संबंधी विवरण साझा करते हुए उन्होंने बताया कि पुख्ता खुफिया जानकारी पर तेजी से कार्रवाई करते हुए संयुक्त पुलिस टीमों ने एसबीएस नगर के गांव चक माई दास गेट नजदीक बहराम-फगवाड़ा रोड से दोनों मुख्य गुर्गों को घेरकर काबू कर लिया। इस संबंध में थाना एसएसओसी अमृतसर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), शस्त्र अधिनियम और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।


