Punjab

पंजाब सरकार ने अब तक 115  स्कूलों के नाम शहीदों व प्रसिद्ध शख्सियतों के नाम पर रखे: मंत्री बैंस

दरअसल, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने गत दिवस ऐलान किया था कि जालंधर जिले के ब्यास गांव के स्कूल का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्धि हासिल करने वाले प्रसिद्ध धावक सरदार फौजा सिंह के नाम पर रखा जायेगा। इसी संदर्भ में पंजाब भवन में सोमवार को एक पत्रकार वार्ता में मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने इन प्रसिद्ध शख्सियतों की तस्वीरें और उनका संक्षिप्त जीवन ब्योरा उनके नाम वाले स्कूलों में प्रदर्शित करने का फ़ैसला किया है, जिससे विद्यार्थियों को उनके बलिदानों और योगदान से अवगत करवाया जा सके और वह महान शख्सियतों से प्रेरणा ले सकें। इससे उनकी विरासत का उपयुक्त सम्मान भी होगा।

उन्हाेंने बताया कि आआपा सरकार के कार्यकाल में अब तक 115 स्कूलों का नाम ग़दर लहर के नायकों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियाें, शहीदों और पंजाब की मशहूर शख्सियतों के सम्मान के लिए रखा गया है।

बैंस ने बताया कि स्कूलों का नाम बदलने से विद्यार्थियों को इन महान शख्सियतों के जीवन और बलिदान से प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि ‘आआपा’ के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने साल 2023 में खटकड़ कलां के सरकारी हाई स्कूल का नाम बदल कर शहीद-ए- आज़म सरदार भगत सिंह सरकारी हाई स्कूल रखा था, जो इस महान शहीद की शहादत के दशकों बाद किया गया। उन्होंने आगे कहा कि हम अपने शहीदों और अन्य मशहूर शख्सियतों का सम्मान करने के लिए ठोस यत्न कर रहे हैं, जिन्होंने पंजाब को गौरव बढ़ाया है।