Uttarakhand

चम्पावत में 56 हजार से अधिक फलदार पौधों का रोपण, 4500 किसान लाभान्वित

चम्पावत, 17 अगस्त । जनपद में फल उत्पादन को बढ़ावा देने और किसानों की आय में वृद्धि के उद्देश्य से उद्यान विभाग द्वारा वर्षाकालीन फलदार पौधरोपण एवं वितरण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत जिले में 56,754 फलदार पौधों का रोपण एवं वितरण किया गया, जिससे करीब 4,500 किसान प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित हुए हैं।

जिला उद्यान अधिकारी योगेश भट्ट ने बताया कि जिले की भौगोलिक परिस्थितियों और स्थानीय जलवायु को ध्यान में रखते हुए किसानों को आम, लीची, माल्टा, कलमी माल्टा, बीजू संतरा, कटहल, पपीता और शरीफा सहित विभिन्न फल प्रजातियों के पौधे उपलब्ध कराए गए। अभियान में किसानों के साथ स्थानीय संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं का भी सहयोग मिला।

उन्होंने बताया कि विभाग का उद्देश्य केवल पौध वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि पौधों के संरक्षण और उनके बेहतर विकास को सुनिश्चित करना भी है। इसके लिए विभागीय कर्मचारी और उद्यान सचल दल समय-समय पर संबंधित क्षेत्रों का भ्रमण कर पौधों की स्थिति का आकलन करेंगे तथा किसानों को आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराएंगे।

उद्यान विभाग के अनुसार पर्वतीय क्षेत्रों में पारंपरिक खेती के साथ फल उत्पादन को बढ़ावा देने से किसानों को अतिरिक्त आय के अवसर प्राप्त हो सकते हैं। यही कारण है कि पौधरोपण अभियान को जनसहभागिता से जोड़ा गया है। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों को भी पौधों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है, ताकि पौधों की जीवितता दर बढ़ाई जा सके।

जिला उद्यान अधिकारी ने कहा कि यदि पौधों का उचित संरक्षण किया गया तो आने वाले वर्षों में जिले में फल उत्पादन की संभावनाएं और मजबूत होंगी। इससे न केवल बागवानी को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि किसानों की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने में भी सहायता मिलेगी।