छिंदवाड़ाः जिले में यूरिया की सतत आपूर्ति के लिए कलेक्टर स्वयं कर रहे मॉनिटरिंग
इसी क्रम में बुधवार को एसडीएम सुधीर जैन द्वारा एमपी एग्रो खाद वितरण केंद्र उमरानाला का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि वितरण कार्य नियमित रूप से संचालित है। वहीं, अमरवाड़ा क्षेत्र में भी खाद वितरण कार्य सुचारु रूप से जारी है। मार्कफेड गोदाम अमरवाड़ा एवं मार्केटिंग समिति के माध्यम से मंडी प्रांगण में यूरिया वितरण किया जा रहा है। कृषि उपसंचालक जितेन्द्र कुमार सिंह एवं एसडीएम हेमकरण धुर्वे ने उपस्थित रहकर वितरण की निगरानी की।
जुन्नारदेव एसडीएम द्वारा डबल लॉक तामिया केंद्र का निरीक्षण किया गया। परासिया एसडीएम द्वारा निजी गोदामों में यूरिया वितरण की स्थिति का जायजा लिया गया, जहाँ शांतिपूर्ण ढंग से खाद का वितरण किया जा रहा है तथा तीनों गोदामों पर कोई समस्या नहीं पाई गई। इसी प्रकार एसडीएम चौरई द्वारा चौरई क्षेत्र में निरीक्षण किया गया। इस दौरान जिला विपणन अधिकारी (डीएमओ) की उपस्थिति में टोकन वितरण की प्रक्रिया संचालित की गई। इसी तरह अन्य अधिकारियों द्वारा भी अपने-अपने क्षेत्र में खाद वितरण व्यवस्था का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई तथा किसानों को सुगमता से खाद उपलब्ध हो, इसके लिए समन्वित प्रयास किए जा रहे हैं।
कलेक्टर सिंह ने बताया कि जिले में यूरिया उर्वरक की आपूर्ति निरंतर की जा रही है। जिले के लिए कुल पाँच रेक प्लान में है एवं दो रेक वर्तमान में ट्रांजिट में हैं। इनके आगमन से आगामी दो से तीन दिवस में लगभग 4000 मीट्रिक टन यूरिया जिले को प्राप्त होगा। वर्तमान में भी जिले में लगभग 3000 मीट्रिक टन यूरिया उपलब्ध है। कलेक्टर ने कृषकों से अपील की है कि वे संयम बनाए रखें एवं निर्धारित प्रक्रिया के माध्यम से खाद प्राप्त करें। जिले में यूरिया की कोई कमी नहीं है तथा वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है। किसी भी प्रकार की अनियमितता, कालाबाज़ारी या टैगिंग की शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

