Rajasthan

कैबिनेट मंत्री सुमित गोदारा ने निजता के हनन के आरोपों को बताया निराधार

गोदारा ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली बोलते हैं कि निजता का हनन हो रहा है जबकि निजता का हनन तो कांग्रेस सरकार में होता है। उन्होंने कहा कि जब जूली कांग्रेस सरकार में मंत्री थे, उस वक्त सरकार पर आरोप लगे कि खुद तत्कालीन मुख्यमंत्री द्वारा फोन की रिकॉर्डिंग कराई गई। सर्वविदित है कि तब के एसीएस होम ने मना किया तो उनको हटाकर दूसरे व्यक्ति को एसीएस होम की जिम्मेदारी दी गई तथा इनाम के तौर पर उन्हें मुख्य सचिव बनाया गया। पिछली सरकार के समय विधानसभा में यूट्यूब प्रसारण शुरू हुआ तो हमने भी तारीफ की। इस बार विधानसभा में कैमरे लगे हैं तो सबके लिए लगे हैं।

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री ने कहा कि भजनलाल जी की सरकार में सब पारदर्शिता से होता है। जनता समझ चुकी है कि विपक्ष ने सदन नहीं चलने दिया और अपनी राजनीति चमकाने के लिए बेवजह का मुद्दा बनाया। अगली बार जब विधानसभा सत्र चले तो विपक्ष के सदस्य विषय लेकर आएं और विकसित राजस्थान में हमारे सहयोगी बनें।