हिसार : थर्ड हरियाणा गर्ल्स बटालियन एनसीसी ने किया सामूहिक राष्ट्रीय गीत गायन कार्यक्रम का आयोजन
हिसार, 7 नवंबर । वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में
थर्ड हरियाणा गर्ल्स बटालियन एनसीसी, हिसार ने अपने बटालियन मुख्यालय परिसर में राष्ट्रीय
गीत की सामूहिक गायन गतिविधि का भव्य आयोजन किया। इस कार्यक्रम में बटालियन के कुल
240 कैडेट्स ने उत्साह एवं गरिमा के साथ सहभागिता दर्ज करवाई।
यह कार्यक्रम कमान अधिकारी कर्नल ज्ञान प्रकाश पांडेय के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन
में हुआ। उन्होंने शुक्रवार काे कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि वंदे मातरम केवल एक गीत
नहीं, बल्कि यह हमारे राष्ट्र के गौरव, सांस्कृतिक स्वाभिमान, मातृभूमि के प्रति समर्पण
और आत्मबल का प्रतीक है। उन्होंने उल्लेख किया कि यह गीत स्वतंत्रता संग्राम के दौरान
देशवासियों में एकता, साहस और राष्ट्रभक्ति की भावना का प्रेरक स्रोत रहा है। कार्यक्रम
के दौरान कैडेट्स ने वंदे मातरम की पूर्ण रचना का शुद्ध उच्चारण एवं स्वर-लय के साथ
सामूहिक गायन किया। इसके पश्चात कैडेट्स को गीत की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, इसके रचनाकार
बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय तथा स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान इसकी भूमिका से अवगत कराया
गया।
कर्नल ज्ञान प्रकाश पांडेय ने यह भी कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में राष्ट्रीय
चेतना को सुदृढ़ बनाने तथा भारतीय सांस्कृतिक धरोहर के प्रति गौरवभाव विकसित करने में
अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी कैडेट्स को राष्ट्रहित, अनुशासन
और सेवा मूल्यों पर आधारित जीवन जीने हेतु प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान
के साथ हुआ, जहाँ सभी कैडेट्स ने मातृभूमि की सम्मान-रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने
का संकल्प लिया।

