प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए दिल्ली सरकार और नगर निगम के कार्यालयों के समय में बदलाव
यह फैसला एहतियात के तौर पर प्रदूषण की समस्या से बचने के लिए उठाया गया है, ताकि सड़कों पर वाहनों का दबाव एक साथ न बढ़े और यातायात का बोझ समान रूप से विभाजित होकर प्रदूषण के स्तर को कम कर सके।
वर्तमान में दिल्ली सरकार के कार्यालयों का समय सुबह 9:30 बजे से शाम 6:00 बजे तक और दिल्ली नगर निगम के कार्यालयों का समय सुबह 9:00 बजे से शाम 5:30 बजे तक है। इन दोनों समयों में मात्र 30 मिनट का अंतर होने के कारण सुबह और शाम दोनों समय भारी यातायात और जाम की स्थिति बन जाती है, जिससे वायु प्रदूषण और बढ़ जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि दोनों संस्थानों के खुलने और बंद होने के समय में अधिक अंतर रखा जाए तो सड़कों पर एक साथ वाहनों की संख्या घटेगी और इससे प्रदूषण कम करने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री के अनुसार इस साल भी उपरोक्त समय (15 नवंबर 2025 से 15 फरवरी 2026 तक) में प्रदूषण बढ़ने की संभावना नजर आ रही है, इसलिए सरकारी कार्यालयों के समय में बदलाव किया जा रहा है। प्रस्तावित बदलाव के अनुसार अब सर्दियों में सरकारी कार्यालयों के नए समय इस प्रकार होंगे, दिल्ली सरकार के कार्यालय: सुबह 10:00 बजे से शाम 6:30 बजे तक और दिल्ली नगर निगम के कार्यालय: सुबह 8:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस निर्णय का उद्देश्य न केवल यातायात दबाव को विभाजित करना है, बल्कि नागरिकों को बेहतर वायु गुणवत्ता प्रदान करना भी है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि यह व्यवस्था सर्दियों के पूरे मौसम में सख्ती से लागू की जाए और ट्रैफिक व प्रदूषण के स्तर की निरंतर निगरानी रखी जाए। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि यह कदम प्रदूषण घटाने में मदद करेगा और दिल्ली के नागरिकों को राहत प्रदान करेगा।

