हिसार : सैकड़ों किसान मुख्यमंत्री से मांगेंगे आत्महत्या की अनुमति
हिसार, 8 नवंबर । भारी बरसात के कारण खेतों में पानी भरने से फसलें
खराब हो गई और बागों में लगे पौधे जलकर खराब हो गए। सरकार ने सर्वे करवाकर जल्द मुआवजा
देने का आश्वासन दिया, लेकिन अभी तक ना तो सर्वे हुआ है और ना ही किसानों को मुआवजा
मिल पाया है। यही कारण है कि हिसार के समीपवर्ती गांव रायपुर, शिकारपुर, मिर्जापुर,
ढाणी, न्याणा, खोखा, खरकड़ी, धांसू व सुलखनी सहित अनेक गांवों के किसानों का रोष बढ़ता
जा रहा है। सरकार की अनदेखी से परेशान इन गांवों के सैकड़ों किसान 9 नवंबर को
‘फांसी’ के रस्सों के साथ राज्य
सरकार से आत्महत्या की अनुमति मांगेंगे।
गांव मिर्जापुर के सरपंच सरपंच साधुराम मिर्जापुर, पाना महराना के सरपंच संजय
सोनी, ढाणी रायपुर के सरपंच मदनलाल शर्मा, किसान नेता बलवान सुंडा व रामकुमार सैनी
ने शनिवार काे बताया कि जब खेत में हारा और चूल्हा जलता है तो सरकार को सैटेलाइट के माध्यम से
धुआ दिखाई दे जाता है तथा चालान करके पुलिस
कार्रवाई कर दी जाती है। इसके विपरीत भारी बरसात के कारण हुए जलभराव से हजारों एकड़
कृषि भूमि, बागवानी, बीपीएल कालोनी व गांव की बस्तियां जलमग्न हो चुकी हैं। खेतों में
खड़ी धान, कपास व बाजरा की फसल तथा बाग पूरी तरह से समाप्त हो गए, लेकिन सरकार को किसानों
को हुए नुकसान अभी तक दिखाई नहीं दिया है।
यही नहीं खेतों व ढाणियोंं से जलनिकासी भी
अब तक नहीं करवाई गई है। इसको लेकर बार बार मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्री तथा कृषि व
बागवानी विभाग के अधिकारियों को अवगत भी करा दिया गया है परंतु अभी तक नुकसान के आंकलन
के लिए किसी प्रकार के सर्वे व मुआवजे की कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने बताया कि
सरकार व प्रशासन की अनदेखी के चलते अब इन गांवों के किसानों ने बड़ा कदम उठाने का निर्णय
लिया है। इसके तहत 9 नवंबर, रविवार को सुबह 11 बजे मिर्जापुर रोड पर किसान पेट्रोल
पंप के नजदीक स्थित रामकुमार सैनी उर्फ फोरमैन के सैनी खल उद्योग प्रतिष्ठान पर रायपुर,
शिकारपुर, ढाणी, न्याणा, मिर्जापुर, खोखा, खरखड़ी, धांसु, सुलखनी आदि गांवों के किसानों
की बैठक बुलाई गई है। बैठक में मुख्यमंत्री से मांग की जाएगी कि हमें तुरंत सैटेलाइट
के सर्वे से मुआवजा दे वरना किसान आत्महत्या करने को मजबूर होंगे। उन्होंने बताया कि
बैठक में सैकड़ों किसान 9 नवंबर रविवार को ‘फांसी’ के रस्सों के साथ राज्य सरकार से आत्महत्या
करने की अनुमति मांगेंगे।

