Haryana

गुरुग्राम: युवक ने ताऊ के लडक़े से मांगी फिरौती, जान से मारने की धमकी भी दी

-सिग्नेचर प्रॉक्सिमा-2 सोसायटी में गाड़ी सफाई के काम के बदले मांगी फिरौती

गुरुग्राम, 8 नवंबर । यहां एक सोसाइटी में गाड़ी सफाई के काम के बदले अपने ही ताऊ के लडक़े से फिरौती मांगी। साथ ही उसे पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत मिलने पर पुलिस ने इस मामले में सात आरोपियों को काबू किया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शनिवार को बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश करके तीन दिन के रिमांड पर लिया गया।

जानकारी के अनुसार छह नवंबर 2025 को पुलिस चौकी सेक्टर-93 थाना सेक्टर-10 गुरुग्राम की पुलिस टीम को एक व्यक्ति ने एक लिखित शिकायत दी। शिकायत में कहा कि वह सिग्नेचर प्रॉक्सिमा-2 सोसायटी सेक्टर-89 में गाड़ी सफाई करने का काम करता है। 22 अक्टूबर 2025 को उसके पास उसके ताऊ के लडक़े आकाश उर्फ आशु की कॉल आई। उसने कहा कि अगर तुझे सोसाइटी में गाड़ी सफाई का काम करना है तो कमाई का 50 प्रतिशत हिस्सा मुझे प्रोटेक्शन मनी के तौर पर यानी फिरौती दे। वरना काम नहीं करने दिया जाएगा। ऐसा करने से मना करने पर आकाश ने युवक को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद छह नवंबर 2025 को जब शिकायतकर्ता गाड़ी सफाई का काम कर रहा था, तब एक बाइक पर व एक कार में सात-आठ लडक़े वहां आए और कहा कि-अगर तूने आकाश भाई को प्रोटेक्शन मनी देने से मना किया है। तुझे और तेरे भाई ने सोसायटी में काम किया तो जान से मार देंगे। फिर उनमें से बिजेंद्र नाम के युवक ने पिस्टल निकाली और उसे धमकी देते हुए डराकर भगा दिया। इस शिकायत पर पुलिस थाना सेक्टर-10 में केस दर्ज किया गया।अपराध शाखा सेक्टर-40 गुरुग्राम की पुलिस टीम ने इस मामले में शुक्रवार को सात आरोपियों को सेक्टर-40 से काबू किया। आरोपियों की पहचान मोहित निवासी गांव राबड़ा जिला सोनीपत, विनय निवासी गांव गुमड़ा जिला सोनीपत, रवि कुमार निवासी गांव मल्ला नगर, जिला गया (बिहार), सचिन निवासी गांव पुर, जिला सोनीपत, सागर निवासी गांव सिवाना, जिला झज्जर, अमित निवासी गांव बाबेल, जिला पानीपत व बिजेंदर निवासी सेक्टर-29 पानीपत के रूप में हुई। पुलिस टीम द्वारा आरोपियों को अदालत में पेश करके आरोपी मोहित, सचिन, रवि व बिजेंद्र को तीन दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया गया। आरोपियों से पुलिस पूछताछ व पुलिस हिरासत रिमांड के दौरान पता चला कि आरोपियों ने अपने साथी के कहने पर फिरौती मांगने व अवैध हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी देने की वारदात को अंजाम दिया।

आरोपियों पर पहले भी हैं केस दर्ज

आरोपियों के अपराधिक रिकॉर्ड से पता चला है कि आरोपी सचिन पर चोरी करने, लूटपाट करने के तहत सात केस सोनीपत में,चोरी करने के तीन केस जिला जींद में पहले भी दर्ज हैं। आरोपी मोहित पर मारपीट करने का एक केस, जान से मारने की धमकी देने का एक केस व हत्या करने का प्रयास करने के तहत एक केस जिला गुरुग्राम में दर्ज है। आरोपी रवि पर एनडीपीएस एक्ट के तहत एक केस, जान से मारने की धमकी देने का एक केस व एक केस जिला फतेहाबाद में दर्ज है। आरोपी विनय, सागर, अमित को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।