Haryana

गुरुग्राम: पीडब्ल्यूडी विभाग को मिले 26 रोड रोलर को मंत्री गंगवा ने दिखाई झंडी

गुरुग्राम, 19 नवंबर । हरियाणा के जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने बुधवार को हरियाणा के सडक़ ढांचे को नई गति देने के लिए लोक निर्माण विभाग के लिए खरीदे गए 26 अत्याधुनिक रोड रोलर्स को भगवा झंडी दिखाकर रवाना किया। वर्ष 1993 के बाद पहली बार विभाग में इतने बड़े स्तर पर मेकनाईजेशन किया जा रहा है।

कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि लोक निर्माण विभाग द्वारा कुल 52 रोड रोलर खरीदे जा रहे हैं, जिनमें से बुधवार भेजे गए 26 रोलर तुरंत विभिन्न जिलों में तैनात होंगे, जबकि अगले 26 जल्द ही प्राप्त हो जाएंगे। इसके बाद हर जिले में दो से तीन रोड रोलर उपलब्ध रहेंगे, जिससे पैचवर्क, आपात मरम्मत और छोटे रिपेयर कार्य विभाग स्वयं और तेजी से कर सकेगा। उन्होंने कहा कि मशीनरी की कमी के कारण वर्षों तक छोटे-छोटे कार्य भी कॉन्ट्रैक्ट के माध्यम से किए जा रहे थे, लेकिन अब विभाग आत्मनिर्भर होकर गुणवत्तापूर्ण सडक़ रखरखाव को नई गति देगा। कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि विभाग ने पिछले एक वर्ष में मशीनरी को अपग्रेड करने के लिए बड़े पैमाने पर आधुनिक उपकरण खरीदे हैं, जिससे सडक़ निर्माण और रखरखाव की क्षमता कई गुना बढ़ी है। उन्होंने बताया कि मिनी ट्रक, टाटा 407, मिनी टैंडम रोड रोलर सहित कुल 51 उपकरण विभाग में जोड़े गए हैं, जबकि आने वाले दो महीनों में 21 बड़े ट्रक, 26 मिनी टैंडम रोलर, बैकहो लोडर और ट्रैक्टर सहित 67 और मशीनें विभाग को मिलेंगी।

सडक़ निर्माण में क्वालिटी को दी जा रही सर्वोच्च प्राथमिकता

कैबिनेट रणबीर गंगवा ने कहा कि हरियाणा सरकार का स्पष्ट दृष्टिकोण है हरियाणा की सडक़ें मजबूत, सुरक्षित और टिकाऊ हों। इसी सोच के तहत सडक़ निर्माण में क्वालिटी को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। इसके लिए विभाग ने एक विशेष क्वालिटी टीम गठित की है, जो सभी परियोजनाओं की सैंपलिंग और निरीक्षण करेगी। विभाग की सभी लैब को अत्याधुनिक तकनीक से अपग्रेड किया जा रहा है ताकि निर्माण सामग्री की हर जांच वैज्ञानिक रूप से संभव हो सके। कैबिनेट मंत्री ने जनभागीदारी को मजबूत करने के लिए शुरू की गई म्हारी सडक़ ऐप का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐप के माध्यम से नागरिक सीधे जियो-टैग के साथ शिकायत दर्ज कर रहे हैं, जिससे शिकायतों का समाधान तेज, पारदर्शी और समयबद्ध हुआ है। अब तक पीडब्ल्यूडी से संबंधित 7176 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 2967 शिकायतों का समाधान कर दिया गया है।