Haryana

पलवल : फर्जी मतदाता बनाकर लोकतंत्र को कलंकित कर रही है भाजपा : बीके हरि प्रसाद

बीके हरिप्रसाद ने कहा कि पलवल की धरती आजादी के इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान रखती है, जहां 1919 में महात्मा गांधी को गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि 11 वर्षों में सिर्फ “मन की बात” हुई है, जबकि भाजपा झूठ और छल से सत्ता चला रही है। पहले सांसद-विधायकों की खरीद-फरोख्त से सरकारें बनाई गईं, अब ईवीएम में गड़बड़ी और फर्जी वोट तैयार कर सत्ता हथियाई जा रही है। चुनाव आयोग पर पक्षपात के गंभीर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि बिहार में भी वोटों की हेराफेरी कर चुनाव जीता गया, जहां 65 लाख वोट काटे गए और 21 लाख नए वोट जोड़े गए।

सभा के बाद कांग्रेसजनों ने जिला सचिवालय तक पैदल मार्च किया और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ और ‘भाजपा मुर्दाबाद’ के नारे गूंजते रहे।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेन्द्र सिंह ने कहा कि मतदान का अधिकार लोकतंत्र की आत्मा है और भाजपा सरकार उसकी हत्या कर रही है। उन्होंने उच्च स्तरीय न्यायिक जांच की मांग उठाई। राव ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी तानाशाही प्रवृत्ति के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं और कांग्रेस का इतिहास कभी न झुकने का रहा है। इसलिए वोट चोरी के विरुद्ध लड़ाई को हर गांव, हर बूथ और हर घर तक पहुंचाना होगा।

उन्होंने दावा किया कि पलवल जिले में 1.62 लाख फर्जी वोटर पाए गए हैं—हथीन में 79 हजार, होडल में 42 हजार और पलवल में 40 हजार—जिनके आंकड़े राहुल गांधी द्वारा प्रस्तुत किए गए हैं।

हरियाणा सह-प्रभारी जितेंद्र बघेल ने कहा कि 2024 में भाजपा ने अवैध तरीके से सरकार बनाई। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि हर मतदाता तक यह संदेश पहुंचाना है कि उनकी डाली गई वोट सही जगह नहीं जा रही।

कार्यक्रम के आयोजक एवं जिला अध्यक्ष नेत्रपाल अधाना ने कहा कि कांग्रेस जिले में पूरी मजबूती के साथ संघर्ष के मैदान में उतर चुकी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्टी के अभियानों को और गति देकर जनता को कांग्रेस से जोड़ा जाएगा।

कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष उदयभान, विधायक रघुबीर तेवतिया, विधायक मोहम्मद इसराइल चौधरी , सविता चौधरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।