Haryana

बल्लभगढ़ मेट्रो स्टेशन पर तीन संदिग्ध बैग मिलने से मचा हड़कंप,जांच में नहीं मिला कोई घातक सामान

पुलिस की सतर्कता के बीच तीनों बैगों की गहन तलाशी ली गई, लेकिन किसी भी प्रकार की संदिग्ध या खतरनाक वस्तु नहीं मिली। बैगों में केवल कपड़े पाए गए, जिससे पुलिस व मौजूद लोगों ने राहत महसूस की।

इसी दौरान आकाश नाम का एक युवक वहां पहुंचा और उसने बताया कि तीनों बैग उसके ही हैं। उसने पुलिस को बताया कि वह फरीदाबाद का रहने वाला है और पारिवारिक विवाद के चलते उसे घर से निकाल दिया गया था। युवक के अनुसार, वह बैग लेकर कहीं जा रहा था, लेकिन नशे की हालत में मेट्रो स्टेशन के बाहर ही सो गया था। जब उसकी आंख खुली तो पुलिस बैगों की तलाशी ले रही थी।

थाना शहर बल्लभगढ़ प्रभारी शमशेर सिंह और मेट्रो थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरी सावधानी के साथ जांच की। बैगों में कोई भी संदिग्ध सामान नहीं मिला, जिससे स्पष्ट है कि किसी भी प्रकार का खतरा नहीं था। युवक को पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया है। घटना के बाद मेट्रो स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। फिलहाल मेट्रो स्टेशन पर स्थिति पूरी तरह सामान्य है।